लखनऊ(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सातवें चरण की मऊ सदर सीट पर बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर चुनाव लड़ते हुए खूब पसीना बहा रहे हैं। सोमवार को बसपा के प्रदेश अध्यक्ष और प्रत्याशी भीम राजभर ने परदहा ब्लॉक में सुबह से अपराह्न बाद तक जमकर जनसम्पर्क किया।
मऊ सदर के परदहा ब्लाॅक के ओन्हाइच गांव, पिचड़ा गांव, खण्डेरायपुर, ओन्हाइच गांव में बसपा प्रत्याशी भीम राजभर ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जन संपर्क करते हुए पार्टी के नीतियों का प्रचार किया। बसपा के प्रत्याशी के रूप में भीम राजभर गांवों में अपनी बातों को रखते हुए राजभर और अल्पसंख्यक समाज को साधने से नहीं चुक रहे हैं।
बसपा के अध्यक्ष मायावती की पिछली सरकारों में किए गए कार्यों को बताते हुए बसपा के भीम राजभर हर स्थान पर कह रहे हैं कि मऊ सदर ही नहीं, उत्तर प्रदेश की जनता ने मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है।
भीम राजभर ने पिचड़ा गांव में कहा कि अनुसूचित और अल्पसंख्यक समाज का हर व्यक्ति सरकार की नीतियों से तंग चुका है, वहीं प्रदेश की जनता ने बहन मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है।
शरद
