भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा लखनऊ पहुंचे, मंत्रियों और कोर कमेटी की बैठक में होंगे शामिल

– एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी, दोनों उपमुख्यमंत्रियों व अन्य मंत्रियों ने किया स्वागत
संजय सिंह
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दो दिन के प्रवास के लिए गुरुवार को राजधानी पहुंचे। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा सहित अन्य मंत्रियों, नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। 
नड्डा का पहले अपराह्न 1:30 बजे लखनऊ आने का कार्यक्रम था। बाद में इसमें बदलाव हुआ वह शाम को करीब सवा सात बजे लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी झंडा लहराते हुए फूल बरसाने के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। नड्डा ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष का काफिला पार्टी के प्रदेश मुख्यालय की ओर रवाना हो गया।
नड्डा प्रदेश में पंचायत चुनाव के साथ ही सरकार तथा संगठन के काम की समीक्षा के लिए आए हैं। दो दिन के प्रवास के दौरान उनकी सरकार और संगठन के साथ लगातार बैठकों का कार्यक्रम है। योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं और आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर नड्डा का दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल ही में गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी रहे अरविंद कुमार शर्मा के भाजपा में शामिल होने पर पार्टी ने उन्हें विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया। शर्मा आज पार्टी के सभी सभी दस उम्मीदवारों के साथ निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। माना जा रहा है कि शर्मा को योगी कैबिनेट में कोई अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में कुछ अन्य नए चेहरे शामिल करने के साथ कुछ को बाहर करके संगठन में जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। 
सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे चेतन चौहान और कमल रानी वरुण का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया था, जिसकी वजह से कैबिनेट में दो सीट पहले से ही रिक्त हैं। माना जा रहा है कि नड्डा इसके मद्देनजर वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन करेंगे। 
इसके साथ ही वह पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर भी पदाधिकारियों के साथ अहम चर्चा व दिशा निर्देश देंगे। पार्टी पंचायत को बेहद गम्भीरता से ले रही है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जीत के लिए संगठन और सरकार के लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधानसभा चुनाव से पहले इन्हें अहम माना जा रहा है। इसलिए पार्टी नेतृत्व पंचायत चुनाव को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है, जिससे उसे मिशन 2022 में भी लाभ मिल सके।
नड्डा के देर से पहुंचने के कारण उनके पहले से तय कार्यक्रमों में बदलाव हुआ है। पार्टी नेताओं के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष आठ बजे प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ पार्टी कार्यालय में बैठक करेंगे। इसके बाद रात नौ बजे वह पार्टी की कोर कमेटी की बैठक लेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के तय कार्यक्रम के मुताबिक शुक्रवार सुबह बजे चिनहट ग्रामीण (लखनऊ) की मंडल बैठक करेंगे। इसके बाद वह सीएमएस, गोमतीनगर विस्तार में लखनऊ महानगर एवं जिला के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बाद में प्रदेश भाजपा कार्यालय, लखनऊ में अवध एवं कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। 
इसके बाद प्रदेश मुख्यालय में ही अवध क्षेत्र के भाजपा सांसदों एवं विधायकों के साथ बैठक करेंगे और फिर सोशल मीडिया वालंटियर्स को संबोधित करेंगे। वे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को भी सम्बोधित करेंगे।
 Submitted By: Virendra Singh Edited By: Virendra Singh

error: Content is protected !!