Saturday, April 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबलिया : दयाशंकर के रोड शो में दिखा भगवा का दम

बलिया : दयाशंकर के रोड शो में दिखा भगवा का दम

बलिया (हि. स.)। छठे चरण के लिए होने वाले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को भृगु नगरी बलिया में भगवा का दम दिखा। महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शिव बारात में तो भगवा दिख ही रहा था, भाजपा के रोड शो में भी भगवा का जोर दिखा। पूरी भृगु नगरी मानो भगवामय हो गई हो।

ऐतिहासिक बाबा बालेश्वरनाथ मन्दिर समेत शहर के विभिन्न शिव मंदिरों से शिव बारात निकाली गई, तो उसका फायदा विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने भी उठाया। सभी उसी के रंग में रंगे नजर आए। भाजपा प्रत्याशी दयाशंकर सिंह पर तो शिव विवाह का कुछ अधिक ही असर दिखा। वे कई जगहों पर शिवभक्तों संग नाचते नजर आए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ शहर के व्यस्त चौक इलाके में रोड शो भी किया। रोड शो में उनके समर्थकों के सिर पर भगवा साफा दिख रहा था। माहौल में हर हर महादेव का उद्घोष भी अलग ही छटा बिखेर रहा था। बीच-बीच में जय श्रीराम के नारे भी गूंज रहे थे। उधर, सपा प्रत्याशी नारद राय ने भी अखिलेश यादव की चुनावी सभा के बाद शहर में पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा के साथ विजय यात्रा निकाली। उनके भी शो में भीड़ दिख रही थी। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों से भृगु नगरी पट गयी थी।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular