Wednesday, April 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेश'बबुआ' को 'कब्रिस्तान' बनाने से फुरसत नहीं थी : योगी आदित्यनाथ

‘बबुआ’ को ‘कब्रिस्तान’ बनाने से फुरसत नहीं थी : योगी आदित्यनाथ

रामपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर पहुंची जन विश्वास यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले लोग आज कहते हैं कि अगर हम भी सत्ता में होते तो हम भी राम मंदिर बना देते। उन्होंने कहा ‘बबुआ’ को ‘कब्रिस्तान’ बनाने से फुरसत होती तब न बनाते राम मंदिर।

जनपद रामपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलावासियों को 95 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उपहार दिया, तो जनता ने भी डबल इंजन की सरकार पर पसंद की मुहर लगाई। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने हर जिले को एक विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना शुरू की। रामपुर में बहुत खोजने के बाद भी कुछ नहीं मिल रहा। आखिर में ‘रामपुरी चाकू’ को ओडीओपी बनाया गया। सपा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि यही रामपुरी चाकू जब उनके हाथ में होता है तो गरीब की सम्पत्ति पर कब्जा होता है, व्यापारी से लूट होती है, लेकिन अच्छे लोगों के पास जब यही शस्त्र हो तो वह इससे धर्म-समाज-संस्कृति की रक्षा करते हैं और हम गुरु परम्परा को मानने वाले लोग हैं। यही रामपुरी चाकू आज जनपद की ओडीओपी है।

कहा कि यह वही प्रदेश है जहां पहले किसी भी धर्मस्थल के नाम पर पैसा नहीं मिलता था, गरीब को मकान नहीं मिलता था। पिछली सरकारें गरीबों का शोषण करती थीं, दंगाइयों को प्रोत्साहित करती थीं, आतंकी घटनाओं को प्रेरित करते थे, आतंकवादियों के मुकदमे वापस लेते थे। लेकिन आज साढ़े चार लाख नौजवानों को बिना भेदभाव सरकारी नौकरी मिली और किसानों का कर्ज माफ हुआ।

जनसमुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने पूछा कि कश्मीर में धारा 370 कांग्रेस की सरकार में क्यों नहीं समाप्त हुई? सपा और बसपा जब कांग्रेस का समर्थन करते थे, तब इन्होंने क्यों नहीं समाप्त किया ? आज धारा 370 को समाप्त करने का कार्य नरेंद्र मोदी सरकार ने किया है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular