– सुपर चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट का मंत्री ने किया उद्घाटन
चित्रकूट (हि.स.)।जिले के विकास खंड पहाड़ी अंतर्गत ग्राम अरछा बरेठी में नव वर्ष के पहले दिन लोक निर्माण राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने सुपर चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट का बैटिंग कर उद्घाटन किया।इस मौके पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर टॉस कराया। जिसमें कलवारा की टीम को पहले बॉलिंग और बरेठी टीम को बल्लेबाजी का अवसर मिला। मंत्री ने अंपायर सहित सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल की भावना से मैच खेलने की सलाह देते हुए सभी खिलाड़ियों को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री ने खिलाड़ियों व ग्राम वासियों से कहा कि योगी सरकार जहां गांव के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कई योजनाएं संचालित कर जनसमस्याओं का निराकरण कर रही है वहीं दीन दुखियों को समाज में बराबरी का दर्जा देने के लिए संकल्पित है। मंत्री ने युवाओं को देश के भावी कर्णधार बताते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर है। यहां पर क्रिकेट मैच का आयोजन हो रहा है इससे आपसी भाईचारे की भावना बढ़ती है जो गांव में लोगों के बीच ईर्ष्या द्वेष का भाव है वह ऐसे आयोजनों से प्रेम भाव में बदलता है और सामाजिक बुराइयां भी दूर होती हैं।
कहा कि खिलाड़ियों की मांग पर गांव में खेल का मैदान मिनी खेल स्टेडियम बनाया जाएगा और गांव में जो भी समस्याएं हैं जो भी यहां के लोगों की मांगे हैं उन्हें धीरे-धीरे पूरा किया जाएगा। मैच के आयोजक अभिनंदन सिंह यादव, त्रिवेणी सिंह यादव, राकेश राजपूत, त्रिभुवन सिंह एडवोकेट और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। कहा कि इस तरह के खेल आयोजन और भी व्यापक रूप में होंने चाहिए जिससे पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारा विकसित हो, युवाओं में स्वस्थ खेल की परंपरा विकसित हो।
मंत्री ने कहा कि खेलकूद से शारीरिक और मानसिक रूप से सभी युवक स्वस्थ होते हैं । गांव के पूर्व प्रधान रामलाल वर्मा ने मंत्री जी का स्वागत करते हुए गांव व क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। टूर्नामेंट के संरक्षक समाजसेवी शंकर यादव ने मंत्री जी का स्वागत करते हुए आभार जताया और कहा कि मंदाकिनी की बाढ़ से निरंतर कट रहे किनारों से कई लोगों के घर गिर रहे हैं सैकड़ों लोग बेघर होकर अन्य स्थान पर जाने के लिये मजबूर हो गये। उन्होोने गांव को बचाने के लिये किनारों की पिचिंग करा कर समस्या का निदान कराने की मांग मंत्री जी के समक्ष रखी।
इसके अलावा गांव में एक उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने और उच्च प्राथमिक विद्यालय अरछा का उच्चीकरण कर हाईस्कूल/इंटर तक की शिक्षा की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी। जिस पर मंत्री ने कहा कि प्रक्रिया चल रही है, दोनों समस्याओं का समाधान किया जाएगा। सुपर चैलेंज कप के मुख्य आयोजक अभिनंदन सिंह यादव ने मंत्री जी व क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी को नव वर्ष का उपहार भेंट कर स्वागत किया। ग्रामवासियों व खिलाड़ियों ने मंत्री को नये वर्ष के पहले दिन अपने बीच पाकर फूलमालाओं से लाद दिया।
क्रिकेट के उद्घाटन समारोह में पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमृत लाल यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उदयभान सिंह, शिवबली यादव, खेल अनुदेशक श्यामसुंदर यादव, व्यायाम शिक्षक श्रीकेशन सिंह सहित हजारों की तादाद में ग्रामवासी व खिलाड़ी मौजूद रहे।
रतन
