Wednesday, April 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ: खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम में सवा घंटे रहेंगे प्रधानमंत्री

मेरठ: खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम में सवा घंटे रहेंगे प्रधानमंत्री

मेरठ (हि.स.)। मेजर ध्यानचंद खेल विवि का शिलान्यास करने मेरठ आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम में लगभग सवा घंटे रहेंगे। रविवार को दोपहर 01 बजे प्रधानमंत्री जनसभा के मंच पर आएंगे। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे सलावा क्षेत्र को सजाया गया है। नगर निगम ने मेरठ शहर में भी रंगोलियां बनाई है।

मेरठ जनपद के सलावा और कैली गांव की जमीन पर खेल विवि का निर्माण प्रस्तावित है। खेल विवि का नाम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखा गया है। 02 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खेल विवि का शिलान्यास करने मेरठ आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के आने का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हेलीकॉप्टर दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर हेलीपैड पर उतरेगा। पांच मिनट बाद 01 बजे प्रधानमंत्री कार्यक्रम के जनसभा के मंच पर पहुंचेंगे। 02 बजकर 15 मिनट तक प्रधानमंत्री मंच पर रहेंगे। इसके बाद 02 बजकर 20 मिनट पर हेलीपैड पर आएंगे और 02 बजकर 25 मिनट पर प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर मेरठ से वापस उड़ान भरेगा।

32 खिलाड़ियों से बात करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेरठ में खेल विवि के मॉडल का निरीक्षण करेंगे। 32 खिलाड़ियों और उनके परिजनों से प्रधानमंत्री संवाद करेंगे। खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम में प्रदेश के दूसरे हिस्सों से भी खिलाड़ी मेरठ आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए अपर गंग नहर के सलावा झाल पर पिकनिक स्पॉट बनाया गया है। इसके साथ ही मेरठ की खेल उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगेंगी। शिलान्यास कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी शनिवार शाम को मेरठ पहुंच गई। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में राज्यपाल रुकेगी। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी भी शनिवार को मेरठ पहुंच गए।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। एसपीजी की टीम भी कई दिन से सुरक्षा का रिहर्सल कर रही है। मेरठ जोन के एडीजी राजीव सब्बरवाल, आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी प्रभाकर चौधरी समेत तमाम अधिकारी लगातार सुरक्षा प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मंच से लेकर सभास्थल के हर हिस्से पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

नगर निगम ने शहर को चमकाया

प्रधानमंत्री के आगमन पर शहर में वीवीआईपी लोगों का आना रहेगा। इस कारण नगर निगम ने पूरे शहर को चमका दिया है। पल्लवपुरम से लेकर सिविल लाइन थाना क्षेत्र समेत तमाम मुख्य मार्गों पर साफ-सफाई की गई है। सड़कों से कूड़े के ढेर हटा दिए गए हैं। पल्लवपुरम में हाईवे पर रंगोली बनाई गई है। रोड स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की धूल साफ की गई है। हापुड़ रोड पर लोहिया नगर डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के पहाड़ को ढक दिया गया है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular