बढ़ते दूध की कीमत और रेल किराया काटेगी भाजपा का फुल टिकट – अखिलेश

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंहगे दूध और रेल यात्रा में एक साल तक के बच्चों को फुल टिकट पर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमला बोला है।

सपा अध्यक्ष ने बुधवार को ट्वीट कर तंज कसा है कि अब तो लोग दूधो नहाओ का आशीर्वाद भी नहीं दे पाएंगे तो वहीं बच्चों पर लगने वाले टिकट पर चुटकी ली कि अब गरीबों की नहीं रही रेल यात्रा।

अखिलेश यादव के ऑफिशियल ट्वीटर हैंडिल से आज बढ़ती दूध की कीमतें और बच्चों पर लगने वाले टिकट को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जिस प्रकार दूध महंगा हो रहा है, उसे देखकर तो ये लगता है कि अब लोग ‘दूधो नहाओ’ जैसे आशीर्वाद भी नहीं दे पायेंगे। उन्होंने दूध के मूल्यों के बढ़ाए जाने पर कहा कि भाजपाइयों बच्चों के मुंह से दूध तो न छीनो।

सपा अध्यक्ष अखिलेश ने भाजपा की केन्द्र व रेल मंत्रालय को आड़े हाथों लिया और कहा कि एक साल के बच्चों पर फ़ुल रेल टिकट लगाने वाली भाजपा सरकार का शुक्र मनाइए कि उसने ये नहीं कहा कि गर्भवती महिला से रेल में अतिरिक्त टिकट वसूला जाएगा। अब रेल गरीबों की नहीं रही। उन्होंने व्यंग्यात्मक ढंग से कहा कि अब जनता भाजपा का फ़ुल टिकट काटेगी।

मोहित

error: Content is protected !!