-उद्योग व्यापार मण्डल ने व्यापारियों से किया आह्वान, अपना अतिक्रमण खुद हटा लें
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में शुक्रवार को शहर में अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के बावत उद्योग व्यापार मण्डल के पदाधिकारी की एक सम्पन्न हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी नौ अप्रैल से शहर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जायेगा। इस मुद्दे पर उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों व दुकानदारों से आह्वान किया गया कि सभी व्यापारी अपनी-अपनी दुकानों का अतिक्रमण स्वयं हटा लें, जिससे वह कार्रवाई से बच सकें। व्यापारियों ने फुटपाथ हब का आवंटन किए जाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया।
बैठक की अध्यक्षता संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने की। बैठक को संबोधित करते हुए श्री मेहरोत्रा ने कहा कि सुलभ, सुरक्षित, सहज यातायात संचालन व शहर के सुंदरीकरण व्यवस्था हेतु अपना व अपने क्षेत्र का अतिक्रमण व्यापारी स्वतः हटा लें। उन्होंने शासन-प्रशासन से अपील की है कि अतिक्रमण अभियान भेदभाव पूर्ण नहीं होना चाहिए। चाहे अतिक्रमण स्थायी हो या अस्थायी । शासन- प्रशासन रेहड़ी पटरी, ठेला, गुमटी आदि के व्यापारियों हेतु फुटपाथ हब का आवंटन अवश्य करे, क्योंकि एक निर्धन व्यापारी के साथ एक परिवार जुड़ा होता है।
जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा व नगर अध्यक्ष मनोज साहू ने कहा कि शासन प्रशासन सर्वप्रथम निर्धन व्यापारियों के व्यापार की जगह सुनिश्चित कर उसे आवंटित करे। इसके उपरान्त अतिक्रमण अभियान चलाए। अंततः फुटपाथ पर कोई काबिज न हो चाहे राजा हो या रंक, संगठन किसी भी दशा में भेदभाव बर्दाश्त नहीं करेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही निर्धन व्यापारियों हेतु पथ आवंटन का मांग पत्र जिलाधिकारी को देकर पथ आवंटन की मांग व्यापार मंडल करेगा। बैठक में कृष्ण कुमार तिवारी, चन्द्र प्रकाश, बब्लू गुप्ता, श्रवणकुमार दीक्षित, मो. अंजुम, अशरफ अली, अशोक गुप्ता भी मौजूद रहे।
देवेन्द्र
