पीलीभीत में फौजी ने शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

पीलीभीत । उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक फौजी द्वारा शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में युवती की ओर से आरोपी फौजी सहित चार के खिलाफ धोखाधड़ी व दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कहा कि पीड़ित लड़की ने प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने मामले की जांच कर फौजी प्रकाश सिंह को दोषी पाया है। पीड़िता के प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपी प्रकाश सिंह के अतिरिक्त रघुवीर प्रसाद, अशोक सिंह व जगदीश प्रसाद के विरूद्ध धारा 420,376 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। युवती का आरोप है कि जनपद बरेली के कस्वा भूड़ में कन्या पाठशाला में रहकर 12 वीं की पढ़ाई के दौरान कुछ वर्ष पहले जनपद बरेली के ग्राम भेसिया थाना शीशगढ़ निवासी प्रकाश सिंह से फोन के माध्यम से संपर्क हो गया था। प्रकाश सिंह जम्मू कश्मीर में आर्मी में जवान हैं।
युवती ने कहा कि फौजी प्रकाश सिंह कई बार अलग-अलग स्थानों पर उसको बहला-फुसलाकर बुलाता और शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी बीच, पता चला कि उसकी शादी कहीं और की जा रही है। इसके बाद पीड़िता ने इसकी शिकायत हेल्पलाइन 112 पुलिस से की। जिसका समझौता जनपद बरेली की चौकी बंजरिया में प्रकाश सिंह और उसके परिजनों के द्वारा एक लिखित फैसला नामा दिया गया। समझौते में कहा गया था कि वह जल्द ही पीड़िता के साथ हर हाल में शादी कर लेगा। पीड़िता का आरोप है कि समझौते के बाद भी प्रकाश सिंह ने शादी नहीं की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

error: Content is protected !!