Tuesday, April 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपांच दिन से लापता युवक की हत्या, घर के बार मिली पर्ची...

पांच दिन से लापता युवक की हत्या, घर के बार मिली पर्ची से खुलासा

मेरठ (हि.स.)। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता युवक की हत्या कर दी गई। इसका खुलासा गुरुवार को युवक के घर के बाहर मिली एक चिट्ठी से हुआ। जिसमें लिखा था कि युवक की हत्या कर दी गई है और उसका शव परीक्षितगढ़ मार्ग पर रजवाहे की पटरी के पास पड़ा हुआ है। पुलिस ने सूचना पर शव को बरामद कर लिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।

किठौर थाना क्षेत्र के ललियाना गांव निवासी साजिश पुत्र जमशेद किला परीक्षितगढ़ कस्बे में वैल्डिंग की दुकान करता था। 26 जून की शाम को साजिद अपनी दुकान से घर के लिए चला था, लेकिन इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। 29 जून को परिजनों ने परीक्षितगढ़ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। गुरुवार को साजिद के घर के बाहर एक चिट्ठी मिली, जिसमें लिखा था कि उसकी हत्या कर दी गई है और शव नहर के किनारे पड़ा हुआ है। परिजनों ने इसकी सूचना परीक्षितगढ़ पुलिस को दी तो पुलिस ने शव को बरामद कर लिया।

शव को देखकर पुलिस का अनुमान है कि चार दिन पहले ही उसकी हत्या कर दी गई थी। ग्रामीणों ने परीक्षितगढ़ थाने में जमकर हंगामा किया। इस पर एसपी देहात केशव कुमार थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस की जांच में एक महिला से साजिद के संबंध भी सामने आ रहे हैं। इस बिन्दु को आधार मानकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतक के घर के बाहर मिली चिट्ठी को भी आधार बनाकर जांच की जा रही है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular