Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपहले के मुख्यमंत्री तो अपना दफ्तर और बंगला छोड़ कर निकलते ही...

पहले के मुख्यमंत्री तो अपना दफ्तर और बंगला छोड़ कर निकलते ही नहीं थे : केशव प्रसाद मौर्य

-उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बोले, नगर निकाय चुनाव में खिलेगा कमल

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता पशुपतिनाथ सिंह की हत्या को दुखद घटना बताया है। उन्होंने कहा कि अपराधी बच नहीं पाएगा। पुलिस उसे खोज निकालेगी। उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। अपराध मुक्त प्रदेश के संकल्प के साथ भाजपा सरकार काम कर रही है।

एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को शहर में आये केशव प्रसाद मौर्य सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जनता के सेवक जनता के बीच ही रहते और दिखते हैं। जन प्रतिनिधि लगातार जनता के दुख-दर्द में शामिल हो रहे हैं। उनकी बेहतरी के लिए काम करते रहते हैं। नगर निकाय से जुड़े सवाल पर मौर्य ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कमल खिलेगा। नगर निगम भाजपा के थे, भाजपा के हैं और भाजपा के रहेंगे।

केशव ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा को जबरदस्त जीत मिले, इसके लिए सभी कार्यकर्ता जी-जान लगा कर मेहनत करेंगे। उन्होंने बताया कि वह नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे। एक सवाल के जबाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहुत ही परिश्रमी और आदर्श मॉडल प्रस्तुत करने वाले नेता हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दोनों कार्यकाल में अब तक 101 बार वाराणसी का दौरा किया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के कोने-कोने का जितना भ्रमण किया है और प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जितना मुख्यमंत्री योगी घूमे हैं, वैसा पहले कभी होता ही नहीं था। पहले के मुख्यमंत्री तो लखनऊ का अपना ऑफिस और बंगला छोड़ कर बाहर निकलते ही नहीं थे।

श्रीधर/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular