-जीत के बाद पार्टी कार्यालय पर मना जश्न
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव का नतीजा भाजपा के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के लिए बेहद खास है। खास इसलिए है क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के कार्यकाल का यह पहला चुनाव था। पहली चुनावी परीक्षा में इनकी जोड़ी सफल साबित हुई। भाजपा विधायक अरविन्द गिरि के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर पार्टी ने उनके ही बेटे अमन गिरि को प्रत्याशी बनाया। अमन ने रिकार्ड जीत दर्ज की।
दोनों नेताओं ने गोला में कैंप किए। सामंजस्य बनाकर संगठन को चुनाव अभियान में लगाया। साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भरा। बैठकों के दौरान बार-बार कहा कि उपचुनाव को हल्के में नहीं लेना है। पूरी मेहनत के साथ काम करना है। पार्टी ने पूरी मेहनत से हर एक वोटर पर फोकस किया। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन की संयुक्त रणनीति का यह प्रयास रहा कि गोला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की।
पन्ना समिति का ट्रायल सफल रहा
गोला उपचुनाव में सबका फोकस पांच सदस्यीय पन्ना समिति पर था। पन्ना समिति को इस बार चुनाव में वोटरों को निकालने की पूरी भूमिका दी गई थी। इससे पहले चुनावों में पार्टी पन्ना प्रमुखों पर ही फोकस करती थी। पन्ना समिति के सदस्यों को प्रोत्साहित करने के काम की निगरानी बड़े स्तर पर की गई। उपचुनाव में बूथ स्तर तक प्रवास की भी बड़ी भूमिका इस बार मंत्रियों को भी दी गई थी।
भाजपा के बड़े नेताओं ने किया था प्रचार
चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद और ब्रजेश पाठक ने भी सभा की थी। इसके अलावा सरकार के मंत्री और पार्टी के बड़े नेताओं ने गोला विधानसभा के विभिन्न मंडलों और शक्ति केंद्रों पर प्रचार कर पार्टी की नीतियों और मोदी-योगी सरकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में जनता को बताया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में रहा जीत का जश्न
गोला उपचुनाव में जीत के बाद भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच आतिशबाजी की और एक दूसरे का मुंह मीठा कर जीत की बधाई दी। पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्म पाल सिंह ने गोला उपचुनाव में भाजपा की जीत के लिए जनता जनार्दन व पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
पार्टी कार्यालय पर जीत के बाद हुए कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अनूप गुप्ता, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, प्रदेश सहमुख्यालय प्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, अतुल अवस्थी, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बृजनन्दन
