Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेश बलिया को जल्द मिलेगा आधुनिक डिपो कार्यशाला : दयाशंकर सिंह

 बलिया को जल्द मिलेगा आधुनिक डिपो कार्यशाला : दयाशंकर सिंह

बलिया (हि. स.)। प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के गृह जिले में रोडवेज की आधुनिक डिपो कार्यशाला का निर्माण होगा। परिवहन विभाग के मुख्यालय ने इसके लिए 351.86 लाख रुपए के प्रस्तावित बजट को अपनी अनुमति प्रदान कर दी है। इसके टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

बलिया का डिपो कार्यशाला हर साल काफी समय तक जल जमाव से घिरा रहता है। जिसके कारण कार्यशाला का कार्य महीनों बाधित होता है। इस समस्या को लेकर मंत्री दयाशंकर सिंह से भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि जलजमाव को देखते हुए शीघ्र ही बलिया बस अड्डे का नवीनीकरण किया जाना आवश्यक है। जिसके बाद परिवहन मंत्री ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि बलिया का डिपो कार्यशाला जलजमाव से मुक्त हो।

परिवहन मंत्री व उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक के निर्देशों के अनुपालन में बलिया डिपो कार्यशाला सुधार कार्य का आगणन क्षेत्रीय प्रबन्धक परिवहन निगम आजमगढ़ एवं अधिशासी अभियन्ता (पूर्व) द्वारा तैयार करके मुख्यालय अनुमति हेतु भेजा गया था।

संजय कुमार ने बताया कि बलिया-सिकन्दरपुर मार्ग पर जीराबस्ती में परिवहन निगम की डिपो कार्यशाला स्थित है। उन्होंने बताया कि पानी निकलने के सभी मार्गों पर कार्यशाला के चारों तरफ कालोनी का निर्माण हो जाने के कारण जल जमाव की स्थिति बन जा रही है।

जल बहाव का मार्ग अवरूद्ध हो जाने के कारण बरसात हो जाने पर पूरे कार्यशाला प्रांगण में दो-ढाई फुट पानी भर जाता है, जो काफी समय में सूखता है। उन्होंने बताया कि बसों की नियमित चेकिंग न हो पाने से वाहनों को मार्ग पर पर भेजने में कठिनाई आती है। जिस वजह से कार्यशाला कार्मिकों एवं जनता को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

संजय कुमार ने बताया कि वर्तमान में बलिया डिपो में 53 साधारण बसें, तीन जनरथ व 28 अनुबन्धित बसें हैं। उन्होंने बताया कि कार्यशाला के सामने सड़क के किनारे भी कोई नाली नहीं बनी है। ऐसी स्थिति में कार्यशाला प्रांगण को ऊंचा किया जाना ही एक मात्र उपाय है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular