– कुशीनगर में आयोजित हुई कार्यशाला
कुशीनगर(हि. स.)। जनपद में लांच विश्व बैंक की प्रो पुअर टूरिज्म डेवलपमेंट परियोजना न केवल पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करेगी बल्कि आम जन को सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान करेगी। पर्यटन विकास पर केंद्रित इस परियोजना को पर्यावरणीय व सामाजिक सुरक्षा से जोड़ा जाएगा।
गुरुवार को कुशीनगर के एक होटल में आयोजित एक कार्यशाला में विशेषज्ञों ने इस पर मंथन किया। कार्यशाला को सम्बोधित करते परियोजना की सोशल डेवलपमेंट स्पेशलिस्ट डा. रचना सरकार ने कहा परियोजना के तहत पर्यटन विकास और प्रकृति संरक्षण का प्रबंध इस ढंग से किया जाएगा कि एक तरफ पर्यटन और पारिस्थितिकी की आवश्यकता पूरी हों और दूसरी तरफ स्थानीय समुदायों के लिये रोजगार के नये अवसर, कौशल विकास, आय और महिलाओं के लिये बेहतर स्तर सुनिश्चित किया जा सके।अधिकतम आर्थिक, पर्यावरणीय और सामाजिक लाभ प्राप्त करना परियोजना का एक अहम उद्देश्य है।
वर्कशॉप का आयोजन राज्य परियोजना समन्वय इकाई लखनऊ और शाह टेक्निकल कंसल्टेंट्स लि. द्वारा किया गया। वर्कशॉप आयोजक व पर्यावरण विशेषज्ञ नवल किशोर शर्मा ने प्रोजेक्ट के सामाजिक प्रभाव का विवरण प्रस्तुत किया।मौली जार्ज ने प्रोजेक्ट के पर्यावरणीय प्रभाव की चर्चा की।
परियोजना निदेशक दिनेश कुमार के निर्देश पर लखनऊ से आए प्राइवेट सेक्टर डेवलपमेंट स्पेशलिस्ट उमेश मिश्र ने परियोजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. विजय वर्मा ने प्रोजेक्ट के साथ-साथ पर्यावरण सुरक्षित रखने के तरीकों को बताया। टीम लीडर चंद्रशेखर चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।
गोपाल
