Saturday, April 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपरीक्षा लेने मऊ जा रहे परीक्षकों की स्कार्पियो ट्रक से टकराई, तीन...

परीक्षा लेने मऊ जा रहे परीक्षकों की स्कार्पियो ट्रक से टकराई, तीन घायल

जौनपुर (हि.स.)। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर गोपालापुर गांव के पास परीक्षा लेने मऊ जा रहे परीक्षकों की स्कार्पियो ट्रक से टकरा गई। टक्कर तेज होने के कारण स्कार्पियो में सवार तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

मंगलवार को जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कार्पियो सामने आ रही ट्रक से सीधा टकरा गई। टक्कर तेज होने के कारण स्कार्पियो में सवार प्रकाश चंद पाल पुत्र राम दुलार (42) निवासी गोहुआ थाना मुंगराबादशाहपुर, सरोज यादव पुत्र अम्बरीष यादव (45) निवासी मधपुर थाना मुंगराबादशाहपुर व अनिल कुमार पुत्र लल्लू (35) निवासी बड़ागांव थाना जलालपुर बुरी तरह घायल हो गए। पहुंची पुलिस ने 108 एम्बुलेंस से तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

स्कार्पियो में सवार तीनों लोग परीक्षक थे। जो मऊ जनपद में यूपी बोर्ड एग्जाम के बाद हो रहे प्रेक्टिकल लेने जा रहे थे। समय से पहुंचने की जल्दी में स्कार्पियो की गति काफी तेज थी। जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं टक्कर होने के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर अवध नाथ यादव ने बताया कि यदि घायलों के तरफ से लिखित तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

विश्व प्रकाश

RELATED ARTICLES

Most Popular