लखनऊ(हि.स.)। धर्म के खिलाफ जो बोलता है वह अधर्मी कहा जाता है। यहां भारतीय संस्कृति और भारतीय विचारधारा पर चलने वाले लोगों की संख्या अधिक है। अगर कोई उनकी भावनाओं को आहत करने का काम करेगा तो जनता उसको सजा देगी।
यह बातें निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल “निषाद पार्टी” के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मत्स्य मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद ने समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बीते दिनों रायबरेली में दिए एक बयान पर पलटवार करते हुए कही।
निषाद पार्टी अध्यक्ष ने शुक्रवार को एक चैनल से बातचीत करते हुए सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद जैसे नेता समाजवादी पार्टी को डुबो देंगे। वो और उनके जैसे नेता जितना भी धर्म के खिलाफ बोलेंगे, उतना ही निषाद समाज के लोग इकट्ठे होकर निषाद पार्टी में आएंगे।
मंत्री संजय निषाद ने हमला करते हुए कहा कि आप कहेंगे राम नाम की कोई चीज नहीं है, रामायण कुछ नहीं है। लेकिन वाल्मीकि रामायण और रामचरितमानस के आधार पर निषाद राज का किला इलाहाबाद में मिला। वहां भगवान राम ने एक रात विश्राम किया था। निषाद राज की सेना से रावणराज को खत्म किया। वहां भगवान राम और निषादराज की बड़ी मूर्ति लगी है।
मोहित वर्मा
