Wednesday, April 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदो हजार रुपए के विवाद में दोस्त की हत्या

दो हजार रुपए के विवाद में दोस्त की हत्या

मेरठ (हि.स.)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में फतेहउल्लापुर पुलिस चौकी के पास एक छात्र की उसके ही दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी। दो हजार रुपए के विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर निवासी पढ़ाई के साथ ही कपड़े की फेरी लगाता था। चार दिन पहले आदिल ने अपने दोस्त जमुना नगर निवासी दिलशाद उर्फ दिल्लू को दो हजार रुपए उधार दिए थे। दिलशाद ने जल्दी ही पैसे लौटाने का वायदा किया था। आदिल अपने दोस्त साजिद के साथ स्कूटी से हुमायूं नगर गया था। वहां से वापस देर रात वहां से लौटते समय आदिल को फतेहउल्लापुर पुलिस चौकी के पास दिलशाद मिल गया। आदिल ने उससे अपने दो हजार रुपए मांगे तो दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर दिलशाद ने अपने चार दोस्तों को बुला लिया और आदिल व साजिद पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से आदिल और साजिद घायल हो गए।

इसके बाद आरोपित फायरिंग करते हुए फरार हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने आदिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि साजिद का उपचार चल रहा है। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने कहा कि आरोपित दिलशाद और माजिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्दी ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular