Tuesday, August 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेश देश में बेरोजगारी दर में आई कमी : भूपेन्द्र यादव

 देश में बेरोजगारी दर में आई कमी : भूपेन्द्र यादव

लखनऊ (हि.स.)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को कहा कि केंद्रीय बजट युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और देश की क्षमताओं का विकास करने वाला है। बेरोजगारी के आंकड़े दर्शाते हैं कि वर्ष 2008-2009 के मुकाबले 2020-2021 में देश में बेरोजगारी की दर में कमी आई है। देश में पर्यावरण के क्षेत्र में भी काफी सुधार हुआ है। केंद्र सरकार के नौ साल के प्रयास के बाद आज सुखद अनुभूति हो रही है।

भूपेन्द्र यादव ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि गरीब महिलाओं की ताकत बढ़ाते हुए स्वास्थ्य एवं अन्त्योदय की योजनाओं पर कार्य करते हुए सरकार पिछड़े वर्ग को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उसी को लेकर बजट प्रस्तुत किया गया है। विकास के भारतीय माडल के आधार पर उद्योगों को बढ़ाने वाला, लोगों की आकांक्षाओं का पूरा करने वाला और सशक्त भारत के निर्माण में सहायक होने वाला बजट है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह मजबूत भारत का बजट है। देश की ग्रीन ग्रोथ को बढ़ाने वाला बजट है। इसमें जल संरक्षण के लिए अमृत सरोवर को बढ़ाने का प्रावधान है। बजट में प्राकृतिक खेती को एक करोड़ किसानों तक ले जाने की योजना है। सर्कुलर इकोनॉमी इस समय का सबसे बड़ा विषय है। इंफ्रास्ट्रक्चर से देश को आर्थिक रफ्तार दी जा सकती है।

पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश के वन मंत्री डॉ.अरुण सक्सेना, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित और सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे उपस्थित रहे।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular