देवीपाटन मण्डल में मंगलवार को मिले 123 नए मरीज, अब तक 25 मौतें

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। देवीपाटन मण्डल के चार जिलों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में मंगलवार को 123 नए कोरोना मरीज पाए जाने के साथ ही मण्डल में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 1307 हो गई है। इसके साथ ही 25 मरीजों की अब तक मौत भी हो चुकी है।
यह जानकारी देते हुए आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गोण्डा जिले में मंगलवार को 53 नए मरीज मिलने के साथ ही कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 529 हो गई है। मंगलवार को 13 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के साथ ही अब तक 274 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 12 मरीजों की मृत्यु हो गई है। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 243 है। यहां अब तक 17800 व्यक्तियों का नमूना परीक्षण के लिए लिया जा चुका है। जिले में कोरोना मरीजों को भर्ती किए जाने के लिए कुल 1750 बेड तैयार होने का दावा प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
बहराइच जिले में मंगलवार रात आई जांच रिपोर्ट में 29 नए मरीजों के साथ ही कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 424 हो गई है। मंगलवार को 11 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के साथ ही अब तक 214 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। जिले में चार मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 206 है। जिले में अब तक 20269 व्यक्तियों का नमूना जांच के लिए लिया जा चुका है।
बलरामपुर जिले में मंगलवार को 25 नए मरीज मिलने के साथ ही कुल मरीजों की संख्या 220 हो गई है। 02 मरीजों की कल अस्पताल से छुट्टी के साथ ही अब तक 124 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद घर भेजा जा चुका है। 07 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 92 है। 19300 मरीजों का नमूना लेकर परीक्षण के लिए भेजा जा चुका है।
श्रावस्ती जिले में मंगलवार को मिले 16 नए मरीजों के साथ ही कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 134 हो गई है। 03 मरीजों की कल अस्पताल से छुट्टी के साथ ही अब तक 96 मरीजों को स्वस्थ होने के उपरान्त छुट्टी दी जा चुकी है। 02 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 36 है। जिले में अब तक कुल 13900 व्यक्तियों का नमूना लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है।

error: Content is protected !!