दिल्ली कूच: दिनभर पुलिस व किसानों में हुई झड़प

– आधा दर्जन बैरीकेट तोड़ दिल्ली की सीमा में पहुंचे किसान

– अंबाला, जींद, कैथल, रोहतक समेत कई जगह वाटर कैनन का प्रयोग
 
चंडीगढ़ (हि.स.)। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों और दिल्ली पुलिस के साथ कई बार झड़प हुई। किसान हरियाणा-पंजाब बार्डर की बेरिकेडिंग को तोड़ते हुए दिल्ली की सीमा में पहुंच गए हैं। किसानों के दिल्ली कूच को रोकने के लिए अंबाला, जींद, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल व रोहतक में पानी की बौछारें की गई और आंसू गैस छोड़ी गई। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में किसानों ने पथराव भी किया, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।

गुरुवार को दिनभर किसानों का जोशीले अंदाज में दिल्ली कूच जारी रहा। पानी की बौछारें व आंसू गैस भी किसानों को जोश को कम नहीं कर पाई। दिल्ली कूच को लेकर दिनभर हरियाणा-पंजाब सीमाओं पर तनाव की स्थिति रही तो दिल्ली में सिंघू बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। दिल्ली में पड़ाव को लेकर पिछले दो दिनों से किसानों को रैला जारी है। पंजाब से सटे जिले की सीमाओं पर डटे किसानों ने योजनाबद्ध तरीके से बेरिकेडिंग तोड़कर दिल्ली की ओर कदम बढ़ाया। 
अंबाला में पानी की बौछारें व आंसू गैस का इस्तेमाल
हरियाणा के शंभू बार्डर पर दिनभर तनाव की स्थिति रही।अंबाला-पटियाला बार्डर पर किसान उग्र हो गए और पुलिस की बैरिकेंडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में किसानों ने पथराव भी किया। वहीं हरियाणा के मोहड़ा से चला किसानों का जत्था मोहड़ा, शाहाबाद व पिपली की नाकेबंदी को लांघकर पानीपत जिले की सीमा में प्रवेश कर गया। किसान पूरा राशन-पानी व तमाम बंदोबस्त करके दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। अंबाला में पंजाब-हरियाणा के सादोपुर बार्डर पर दिल्ली जाने पर अड़े किसानों ने बेरिकेट्स और पुलिस नाका तोडऩे की कोशिश की। इस पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोडे। इस दौरान पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार भी की। बाद में पंजाब के किसानों को आगे बढ़ऩे की अनुमति दे दी गई।
 
कैथल में किसानों पर पानी की बौछार,लाठीचार्ज,एक घायल
कैथल में किसानों पर लाठीचार्ज किया गया। इसके बावजूद किसान नहीं रुके और आगे बढ़ते गए। किसानों की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस बल को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। किसान नहीं माने और बैरिकेड्स हटाकर आगे बढऩे लगे। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने उन पर वॉटर कैनन से पानी की बौछार की। बावजूद किसान आगे बढऩे लगे तो उन पर लाठीचार्ज शुरू कर दिया।
 
रोहतक में किसानों और पुलिस के बीच झड़प
किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए पुलिस ने बल प्रयोग किया। रोहद टोल पर पुलिस ने किसानों को गिरफ्तार कर लिया है। किसान नेताओं को रोडवेज बसों में भरकर ले जाया जा रहा है। किसानों ने इसका विरोध भी किया और हंगामा हो गया। पुलिस ने कुछ किसान नेताओं को पहले ही गिरफ्तार कर जेल में बंद दिया है, वहीं चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है।
 
त्योड़ा थेह का बेरिकेट तोड़ पंजाब के किसानों ने किया दिल्ली कूच
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में गुरुवार को हजारों की संख्या में किसानों ने पंजाब शंभू बेरिकेटिंग को तोड़ते हुए जिले की सीमा में प्रवेश किया, लेकिन शाहाबाद के त्योड़ा थेह पर किसानों को रोक लिया गया। जहां पंजाब के किसान संगठनों ने बलबीर सिंह राजोवाल के इशारे पर त्योड़ा थेह के बेरिकेट को तोड़कर दिल्ली की ओर कूच किया।
 
करनाल में किसानों पर छोड़ी गई पानी की बौछारें
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की अगुवाई में राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते किसानों का जत्था दिल्ली कूच कर रहा है। किसानों के जत्थे को करनाल जिले की सीमा में रोक लिया गया। किसानों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश तो पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ थी। इसके बाद किसान बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़े।
 
सोनीपत में स्थिति तनावपूर्ण
किसानों के दिल्ली कूच को लेकर सोनीपत में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। कुंडली बॉर्डर पर कड़ी नाकेबंदी की गई है। ड्रोन से हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है। केंद्र से रेपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की 5 कंपनियां कुंडली बार्डर पर तैनात की गई हैं। इसके साथ ही सिरसा, अम्बाला, जींद में पंजाब बॉर्डर और सोनीपत में दिल्ली बॉर्डर पर भी अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां तैनात हैं।  पुलिस की 14 अतिरिक्त कंपनियां भी लगाई हैं।

error: Content is protected !!