मेरठ (हि.स.)। मेरठ में गुरुवार को ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो की सात दुकानों को एमडीए ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। ये दुकानें पार्क की जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाई गई थीं।
मेरठ में गुरुवार को एमडीए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जगन्नाथपुरी में सात अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। ये दुकानें ढाई लाख के इनामी कुख्यात बदन सिंह बद्दो से जुड़ी अवैध संपत्ति के रूप में चिह्नित की गई थीं। बद्दो से जुड़ी यह अवैध संपत्ति अजय सहगल के नाम से दर्ज है। इन दुकानों को एक महीने में ध्वस्त करने के लिए एमडीए अधिकारियों को शासन से आदेश मिला था। इससे पहले 15 मार्च 2022 को भी इसी स्थान पर दुकानों को ध्वस्त किया गया था।
एमडीए अधिकारियों के मुताबिक, 1500 वर्ग मीटर के पार्क को घेरकर अवैध दुकानों को बनाया गया है। इसी कारण कार्रवाई की जा रही है। जबकि अजय सहगल का कहना है कि प्रशासन ने उनकी कोई बात नहीं सुनी है। ये मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है। बुलडोजर चलता देखकर आसपास के सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए।
कुलदीप
