डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश

-फील्ड में जाएं स्वास्थ्य अधिकारी, डेंगू पर रखें पैनी नजर : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बढ़ते डेंगू बुखार के प्रकोप से निपटने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। गोरखपुर जाने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां डेंगू को लेकर विशेष बैठक की और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोडल अफसरों को डेंगू के रोकथाम की व्यवस्थाओं को देखने के लिए दोबारा फील्ड में जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सर्विलांस की गतिविधियां बढ़ाई जाएं। सभी नगर निगम, स्थानीय निकाय साफ सफाई फॉगिंग, एंटी लारवा स्प्रे पर विशेष अभियान चलाएं। मिशन मोड में डॉक्टर एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। अस्पताल पहुंचे मरीज को हर हाल में जरूरी उपचार मिले। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही हुई तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने 26 अक्टूबर को डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए थे। साथ ही प्रत्येक जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाने समेत बेड समेत दवाओं एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के आदेश दिए थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के आम नागरिकों से भी अपील की थी कि वे संचारी रोगों को लेकर सतर्क रहें और पूरी सावधानी बरतें। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं। वह गोरखपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं रात में वह गोरखपुर में ही विश्राम करेंगे।

उत्तर प्रदेश में डेंगू के सात हजार से अधिक मरीज

उत्तर प्रदेश में अब तक डेंगू के 7134 से अधिक केस पाए गए हैं। इस वर्ष प्रदेश में डेंगू से सर्वाधिक प्रभावित जनपदों में प्रयागराज में 1171 केस, लखनऊ 1058 केस, गाजियाबाद 513 केस, अयोध्या 458 फेस एवं जौनपुर 371 डेंगू केस सूचित हुए हैं।

डेंगू के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष प्रयास कर रहा है। सभी जनपद स्तरीय चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर डेंगू वार्ड चिहिन्त एवं क्रियाशील किये गये हैं। सभी जिला चिकित्सालयों व परिधिगत चिकित्सालयो में फीवर हेल्प डेस्क स्थापित किये गये हैं।

उत्तर प्रदेश के 29 जनपदों में कुल 52 कम्पोनेन्ट सेपरेशन यूनिट स्थापित व क्रियाशील है। डेंगू के प्रभावी सर्वेक्षण हेतु प्रदेश के 57 जनपदों में 68 एस०एस०एच० एवं 02 एपेक्स रेफरल लैब क्रियाशील हैं जिनमें प्रदेश के समस्त जनपदों से डेंगू व चिकनगुनिया रोग की निशुल्क जाँच की जा रही है। डेंगू रोग के उपचार हेतु डेंगू ट्रीटमेन्ट प्रोटोकॉल के सम्बन्ध में प्रत्येक जनपद के 02 चिकित्सकों को प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षित किया गया है।

दिलीप शुक्ल

error: Content is protected !!