Sunday, September 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच चली लाठियां, दोनों तरफ के...

जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच चली लाठियां, दोनों तरफ के कई लोग घायल

सुलतानपुर (हि.स.)। कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के कमनगढ़ में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। मारपीट में दोनों पक्षों की ओर से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दिया है। एक दिन पहले उपजे विवाद को संज्ञान लेकर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति भंग में पाबंद किया था।

कमनगढ़ गांव निवासी पतिराम आबादी की जमीन का बेचनामा पूर्व प्रधान इमरान से लिया था। उक्त भूमि पर गांव के ही अनिल की पक्की दुकान स्थापित है। अक्सर इसको लेकर दोनों में वाद-विवाद होता आ रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पाबंद कर मामला टाल दिया।

शनिवार की सुबह एक बार फिर पतिराम पक्ष से लोग लाठी-डंडे लेकर अनिल की दुकान पर पहुंचे। लाठी डंडों से लैस महिला-पुरुष ने अनिल पर हमला कर दिया। उसने मदद के लिए चिल्लाया। अनिल की आवाज की ओर से भी लोग लाठियां लेकर दौड़ पड़े। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में पतिराम, उसका बेटा सोनू, संतोष, सुरेश व भुसऊ और अनिल के पक्ष से मालती, अशोक व अर्जुन घायल हो गए।

कोतवाली देहात एसओ ने बताया कि दोनों पक्ष से तहरीर मिली है जिस पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular