झांसी : प्रथम वरीयता में सपा के मानसिंह यादव ने भाजपा उम्मीदवार को 2533 वोट से पछाड़ा

– एमएलसी स्नातक चुनाव  अपडेट,10 राउंड की गणना हुई पूरी

झांसी (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी खंड एमएलसी स्नातक चुनाव में प्रथम वरीयता में समाजवादी पार्टी हावी रही। प्रथम वरीयता में सभी 10 जनपदों में सर्वाधिक मत सपा के मानसिंह यादव को मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंदी के रुप में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार यज्ञदत्त शर्मा रहे। सपा उम्मीदवार ने प्रथम वरीयता में अपना हनक कायम रखते हुए भाजपा के उम्मीदवार को 2533 मतों से पीछे कर दिया। समाचार लिखे जाने तक द्वितीय वरीयता की गणना शुरु हो चुकी थी। 
इलाहाबाद-झांसी खंड एमएलसी स्नातक चुनाव की गणना बीते रोज गुरुवार की सुबह 8 बजे से प्रारंभ हो गई थी। कड़ी सुरक्षा के बीच बुंदेलखंड महाविद्यालय के कोठारी हाल में शुरू हुए मतगणना का कार्य 14 टेबल पर चल रहा था। ऐसा बताया गया था कि गणना का कार्य 21 चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने पहले ही रणनीति तैयार कर ली थी।
पूरे दिन चले छटनी के कार्य के बाद देर शाम गणना शुरु हो सकी। देर शाम पहले राउंड में बीजेपी के उम्मीदवार यज्ञदत्त शर्मा को 1189 मत प्राप्त हुए जबकि सपा के मान सिंह यादव 2546 वोट पाकर पहले ही राउंड में भाजपा से 1357 मतों से आगे निकल गए। दूसरे राउंड में बीजेपी को 2486 तथा सपा को 1779 वोट मिले। इस प्रकार बीजेपी ने सपा की बढ़त को कम करते हुए उसे 650 पर लाकर खड़ा कर दिया। तीसरे राउंड में 2866 मत पाकर बीजेपी के उम्मीदवार सपा के उम्मीदवार को पीछे धकेलते हुए 652 वोट से आगे निकल गए। जबकि सपा को महज 1564 मतों के साथ संतुष्ट होना पड़ा। इस बढ़त को लोग यह मानकर चल रहे थे कि अब बीजेपी को पीछे कर पाना सपा के लिए संभव नही होगा। चौथे राउंड में बीजेपी 2378 मतों के साथ कुल 8919 वोट पाकर 1227 मतों की बढ़त पर जा पहुंची। 
वहीं, समाजवादी पार्टी 1803 वोट पाकर कुल 7692 वोट पर 1227 मतों से बीजेपी के पीछे चल रही थी। इसके बाद से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार ने 9वें राउंड तक पीछे मुड़कर नहीं देखा। ऐसा कोई राउंड नहीं रहा जिसमें सपा को भाजपा के उम्मीदवार से ज्यादा मत न मिले हों। पांचवें राउंड में सपा को 1810 और भाजपा को 1661 मत, छठवें राउंड में सपा को 2380 और भाजपा को 918, सातवें में सपा को 2273 और भाजपा को 1256,आठवें राउंड में सपा को 2397 व सपा को 1659, नवें राउंड में सपा को 2271 व भाजपा को 1757 मत प्राप्त हुए। 
इस प्रकार भारतीय जनता पार्टी पांचवें राउंड से नवें राउंड तक सपा से पिछड़ती ही गई। अन्तिम दसवें राउंड में सपा उम्मीदवार मानसिंह को 598 मत मिले जबकि भाजपा के यज्ञदत्त शर्मा को 718 मत प्राप्त हुए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कुल मिलाकर अन्तिम और दसवें राउंड तक समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को 19421 मत व भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को 16888 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार सपा उम्मीदवार ने प्रथम वरीयता में अपने आप को बेहतर सिद्ध करते हुए भाजपा उम्मीदवार को 2533 मतों से पीछे कर दिया। समाचार लिखे जाने तक द्वितीय वरीयता की गणना शुरु हो चुकी थी।

 आवश्यकता है

 संवाददाताओं की तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com

जानकी शरण द्विवेदी

 कलमकारों से ..

 तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :

जानकी शरण द्विवेदी

सम्पादक

E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

error: Content is protected !!