Wednesday, April 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजौनपुर : युवक का शव मिला, भीम आर्मी ने दो घंटे किया...

जौनपुर : युवक का शव मिला, भीम आर्मी ने दो घंटे किया सड़क जाम

– परिजनों ने सरकारी योजनाओं का लाभ, आर्थिक मदद मांगा

जौनपुर (हि.स.)। मीरगंज थाना इलाके मुबारकपुर बाजार में सोमवार को एक युवक का शव मिला। घरवालों ने हत्या की आशंका जताई है। इस घटना से नाराज परिजनों व भीम आर्मी ने सड़क जाम कर हंगामा किया। सीओ के समझाने पर दो घंटे बाद भीम आर्मी ने जाम खोला।

रामपुर खुर्द गांव निवासी चौबीस वर्षीय जीतलाल गौतम रविवार की रात से लापता चल रहा था। सोमवार की सुबह उसका शव घर से दो सौ मीटर दूर मुबारक बाजार में चांदनी डिजिटल विडियो ग्राफी की दुकान की सीढ़ीओ पर मिला। ग्रामीणों की जानकारी पर घरवाले और भीम आर्मी के लोग मौके पर पहुंचे। शरीर पर चोटों के निशान मिलने पर परिजनों ने भीम आर्मी के साथ बंधवा भटहर सड़क को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर मीरगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिह, मछली शहर सीओ अतर सिंह मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराने लगे। दो घंटे की मशक्कत के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की।

पिता लालजी ने बताया कि एक साल पहले उसकी शादी सरिता से हुई थी। मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। भांजी गुंजा ने पुलिस को बताया की रात में साढ़े आठ बजे के करीब दो बाइक सवार मामा को बैठाकर अपने साथ ले गए। देर रात जब नहीं लौटे तो फोन करने पर उनका नम्बर बंद मिला। रात में ही परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। चहेरे पर चोट के निशान होने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

सीओ का कहना है कि मृतक की मां फूला देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजनों ने उन्हें एक मांग पत्र सौंपा है, जिसमें मृतक के परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ के साथ सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी जाये। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया। पोस्टमार्टम के आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।

विश्व प्रकाश/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular