बागपत (हि.स.)। जिले के कोतवाली क्षेत्र के मवीकलां गांव में रालोद के उम्मीदवार के समर्थन में जुलूस निकालकर वीडियो ट्वीट करने के मामले को पुलिस ने संज्ञान में लिया है। पुलिस ने गांव में पहुंचकर जांच की। आदर्श आचार संहिता व कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दस नामजद व 650 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
उपनिरीक्षक रामकुमार ने शुक्रवार को बताया कि कृष्णपाल सिंह के द्वारा एक वीडियो ट्वीट किया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ग्राम मवीकलां में पहुंचकर जांच की तो पता चला कि आयुष धामा, सचिन, मोमीन, कृष्णपाल, विनोद, प्रवीण, बाबू, अजीत, हैदर और कोमल समेत 650 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रालोद के बागपत विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार अहमद हमीद के चुनाव के प्रचार के लिए जुलूस निकाला गया।
लोगों ने हाथों में बैनर, पोस्टर लेकर नारेबाजी की। राजनैतिक कार्यक्रम की अनुमति तो ली गई थी, लेकिन अनुमति में उल्लेखित शर्तों का घोर उल्लंघन किया गया। जुलूस में शामिल लोगों ने कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन नहीं किया। अधिकांश लोगों ने अपने चेहरे पर मास्क नहीं लगाया। आदर्श आचार संहिता का भी घोर उल्लंघन किया गया। इस मामले में आरोपितों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता व कोविड गाइड लाइन के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गौरव
