Saturday, August 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजल्द ही सलाखों के पीछे होंगे मां-बेटी के हत्यारे : केशव मौर्य

जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे मां-बेटी के हत्यारे : केशव मौर्य

सुलतानपुर (हि.स.)। लंभुआ कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत स्थानीय कस्बे में सरेराह घर में घुसकर एक महिला और उसकी बेटी की हत्या के मामले का उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संज्ञान लिया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि सरकार हर नागरिक की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।

पोस्टमार्टम के बाद मां-बेटी का शव बुधवार को जब कस्बे में पहुंचा तो लोगों की आंखें नम हो उठीं। भारी पुलिस बल के साथ शव के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है । पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद घटना की जांच के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया है । उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अपराधी गिरफ्त में होंगे ।

लंभुआ कस्बे के निवासी रामसुख मौर्या सब्जी की दुकान लगाकर परिवार चलाता है। उसने बताया कि रोजाना की तरह मंगलवार को जब वह सब्जी बेच रहा था तभी उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी शकुंतला (50) और बेटी विजयलक्ष्मी (21) घर में घुसकर किसी ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। वह आनन-फानन में घर पहुंचा तो पत्नी और बेटी की लाश को खून से लथपथ देखकर रोना-पीटना शुरू कर दिया। दोनों की धारदार हथियार से हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ने जल्द ही घटना का खुलासा करने के निर्देश पुलिस को दिए हैं।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular