मेरठ(हि.स.)। मिशन शक्ति अभियान 4.0 के अंतर्गत शुक्रवार को उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य राखी त्यागी ने जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने शिकायतों को सुनकर अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
सर्किट हाउस में शुक्रवार को आयोजित महिला जनसनवाई एवं जागरूकता चौपाल की अध्यक्षता उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य राखी त्यागी ने की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में महिला और पुरुष को समान मौलिक अधिकार दिए गए हैं। महिलाओं को भी समाज में पुरुषों के समान अधिकार प्राप्त है, इसलिए वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। जनसुनवाई में 15 महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं। सदस्य ने अधिकारियों को इन समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर उनका कोई उत्पीड़न कर रहा है तो वह अपने ऊपर हो रहे उत्पीड़न को बिल्कुल भी बर्दाश्त न करें, बल्कि उसका डटकर सामना करें। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सहायता हेतु आयोग द्वारा व्हाटस ऐप नम्बर 06306511708 जारी किया गया है, जिस पर कोई भी पीड़ित महिला अपनी आईडी सहित अपनी समस्या को शनिवार व रविवार को छोड़कर किसी भी कार्य दिवस में भेज सकती है। प्रदेश और केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का आगे आकर लाभ लें। प्रदेश सरकार महिलाओं के कल्याणार्थ निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर हर थाने में महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है। इस अवसर पर एसीएम प्रथम सुनीता वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी मोहम्मद मुश्ताक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूजा शर्मा आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
