मीरजापुर (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के मनिगढ़ा गांव में बीती रात एक घर में लगभग छह फीट का मगरमच्छ घुस गया। मगरमच्छ को घर में देख हडकंप मच गया।
मनिगढा गांव निवासी रामसरन के घर में बुधवार की रात्रि में एक छह फीट का मगरमच्छ भटककर बारिश के दौरान घर के अंदर घुस गया। गुरुवार सुबह मगरमच्छ को घर में देख परिजन दंग रह गए। उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल वन क्षेत्राधिकारी राम नारायण जैसल को दी।
वनक्षेत्राधिकारी ने उप वन क्षेत्राधिकारी त्रिभुवन प्रसाद सिंह को वनरक्षकों के साथ मौके पर भेजा। आधे घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को ग्रामीणों के सहयोग से पकड़कर अदवा जलाशय के गहरे पानी में छोड़ दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गिरजा शंकर
