गोण्डा में पौधरोपण का बना रिकार्ड, लक्ष्य से अधिक पौधे रोपित

कृषि विभाग ने लक्ष्य से दोगुना पौधे लगाए, परिवहन, आवास विकास निकले फिसड्डी

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिले में रविवार को पौधरोपण के लिए निर्धारित लक्ष्य से करीब 10 फीसद अधिक का पौधरोपण करके रिकार्ड बनाया गया। जिले के कैबिनेट मंत्री, सांसदों व विधायकों समेत नोडल अधिकारी ने भी पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कृषि विभाग ने आबंटित लक्ष्य 288780 के सापेक्ष 588580 पौधरोपण कर रिकार्ड कायम किया, जबकि परिवहन, आवास विकास जैसे कई विभाग लक्ष्य हासिल करने में विफल रहे।


यह जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि शासन से जनपद के 27 विभागों को 4088670 पौध रोपित करने का लक्ष्य तय किया गया था। वन विभाग को सर्वाधिक 1590350, ग्राम्य विकास विभाग को 1505200, कृषि विभाग को 288780, राजस्व व पंचायती राज विभागों को अलग-अलग 171400 तथा उद्यान विभाग को 171200 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित था। सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्व से गड्ढ़ा इत्यादि खोदने की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। कार्यक्रम को गति प्रदान करने तथा अधिकाधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को भी उनकी सुविधानुसार स्थानों पर पौधरोपण के लिए आमंत्रित किया गया था। प्रातः आठ बजे पौधरोपण की शुरुआत के साथ ही सभी सम्बंधित विभागों से प्रति घंटे आनलाइन पौधरोपण की सूचनाएं प्राप्त की जा रही थीं। सीडीओ ने बताया कि शाम को पांच बजे तक विभिन्न विभागों के सहयोग से जनपद के लिए आबंटित लक्ष्य से करीब 10 फीसद ज्यादा पौधरोपण करके नया कीर्तिमान बनाया गया। उन्होंने बताया कि कम लक्ष्य वाले परिवहन, आवास विकास जैसे कुछ विभागों का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। औद्योगिक विकास तथा रक्षा विभाग की तरफ से पौधरोपण के सम्बंध में सूचना प्राप्त नहीं हो सकी है।


सीडीओ ने बताया कि मण्डलायुक्त महेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल, डीएफओ आरके त्रिपाठी के साथ उन्होंने आज सुबह सर्किट हाउस में पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जनप्रतिनिधियों के साथ ही जिले के नोडल अधिकारी डा. राजशेखर ने भी आज कर्नलगंज के सकरौरा ग्राम पंचायत में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कंजी, अर्जुन, कदम्ब, पीपल, पाकड़, बरगद, अशोक, जामुन, कनकचम्पा, शोभाकार, बाटलब्रुश, मौलश्री व आम के पौध रोपित किए।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने नोडल अधिकारी के साथ इटियाथोक विकास खण्ड के सिसई बहलोल पुर में हाल ही में जीवन दान पाने वाली मनवर नदी के किनारे पौधरोपण किया। उन्होंने बताया कि जनपद में मनवर नदी की कुल लम्बाई 82 किमी है, जो जिले के पांच विकास खण्डों के 46 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरती है। आज इसके तट पर 55 हजार पौध रोपित किए गए हैं। सीडीओ ने बताया कि मनवर नदी के पुनर्जीवन के लिए अब तक मनरेगा योजनान्तर्गत प्रवासी मजदूरों के 35 हजार मानव दिवस के साथ कुल 90 हजार मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है।

डीआइजी ने भी रोपे पौधे

देवीपाटन परिक्षेत्र के डीआईजी डा. राकेश सिंह ने आज रिजर्व पुलिस लाइंस ग्राउण्ड पर व शिविर कार्यालय में पौधरोपण किया गया। शिविर कार्यालय व पुलिस लाइन के अधिकारी/कर्मचारीगणों द्वारा साफ सफाई भी की गयी। डीआईजी ने अपने सम्बोधन में पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण व साफ सफाई करने का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक, पीआऱओ आदि मौजूद रहे।

हिंयुवा के जिलाध्यक्ष ने किया पौधारोपण

हमारे संवाददाता प्रदीप पांडेय के अनुसार, हिंयुवा के जिलाध्यक्ष शारदा कान्त पाड़ेय ने इटियाथोक ब्लाक अंतर्गत सरकाण्ड के पंडित पुरवा में पहुंचकर आम, पीपल, बरगद, नीम, जामुन आदि पौधों को रोपित किया। इस दौरान संगठन के अन्य कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमारे जीवन मे अन्य चीजों से बढ़कर इन पेड़ पौधों का महत्व है, क्योंकि इनके द्वारा ही हमे सांस लेने के लिए आक्सीजन मिलती है। साथ ही इन पौधों के हर भाग का इस्तेमाल हमारे जीवन में होता है। उन्होंने मौजूद सभी लोगो से समय समय पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की सलाह दी। इस अवसर पर सुनील दुबे, अजय सिंह, पंडित गिरजा शंकर शास्त्री, पीके द्विवेदी, जितेंद्र पांडे, सत्यप्रकाश सिंह, पराग राज मिश्रा, राजेश ओझा, अंकित तिवारी, पंकज सिंह आदि पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओ सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।

कृषि विभाग ने कोल्हुआ में कराया वृक्षारोपण

धानेपुर से संवाददाता प्रेम नारायण मिश्र के अनुसार, मुजेहना ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोल्हुआ में कृषि विभाग के सौजन्य से ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन व किसानों के खेतों में कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने पहुंचकर किसानों के साथ मिलकर आम, जामुन, नीबू, सागौन आदि लगभग एक हजार दो सौ पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर महफ़ूज अली, भाजपा बूथ अध्यक्ष आकाश सिंह, डॉक्टर अंकित सिंह, राजू राणा, प्रमोद आजाद, रमेश वर्मा, रवि सिंह, धर्मेंद्र सिंह, वारिस अली, तपेश सिंह, सनी सिंह, राजन सिंह आदि ग्रामीण उपस्थित थे।

चौकी प्रभारी ने भी लगाए पौधे

हमारे संवाददाता विकास सोनी के अनुसार, थाना कोतवाली देहात के अंतर्गत स्थित चौकी दर्जी कुआं के प्रभारी विजय प्रसाद सिंह ने चार दर्जन से अधिक पौध लगाकर उनके सेवा की जिम्मेदारी अपने आरक्षियों को सौंपी। चौकी के आरक्षी महेंद्र प्रसाद पटेल, रंजीत कुमार, निशार सिंह राणा, राघवेंद्र सिंह के साथ ही महिला आरक्षी प्रतिष्ठा वर्मा ने भी पांच वृक्षों के सेवा की जिम्मेदारी उठाई। पौधरोपण के बाद चौकी प्रभारी ने अपने आरक्षियों. को पौधरोपण की महत्ता बताते हुए कहा कि विद्वानों ने एक वृक्ष के रोपण को सौ पुत्रों के पालने के समान बताया है।

अल्पसंख्यक मोर्चा ने भी किया पौधरोपण

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सैयद फैसल शाह ने अपने साथियों के साथ 25 पौध लगाकर सभी गुरुजनां को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि हरा भरा गोण्डा बनाने के लिए उनका लक्ष्य आगामी दिनों में 1000 पौधों को रोपने का है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी के मार्गदर्शन में हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपने को साकार करने का एक छोटा सा प्रयास किया है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष फ़ैज़ सिद्दीकी, वली मोहम्मद, अफ़ज़ल खान, अखिलेश शुक्ला, नईम सिद्दीकी, विपिन सिंह आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!