मेरठ (हि.स.)। मेडिकल थाने में मंगलवार को गैस का सिलेंडर फटने से आग लग गई। इस दौरान रसोई में रखे सभी उपकरण और खाने का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।
मेडिकल थाने में बनी रसोई में मंगलवार को फॉलोवर गजेंद्र खाना बना रहा था। अचानक गैस सिलेंडर खत् महो गया तो पुलिसकर्मी नया सिलेंडर लेकर आए। फॉलोवर ने सिलेंडर बदल दिया, लेकिन रेगुलेटर ठीक से नहीं लगने पर गैस लीक होने लगा। फॉलोअर ने लीकेज पर ध्यान न देकर गैस चूल्हा जला दिया। इससे गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। यह देखकर फॉलोअर घबरा गया और रसोई से बाहर निकल गया। इतने में ही सिलेंडर फट गया और पूरी रसोई जल गई। आग ने थाना परिसर में खड़े वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। थाने का जनरेटर, जब्त की गई बाइक और अन्य सामान जल गया।
आनन-फानन में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मेहनत करके आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग थाने के दूसरे हिस्सों में नहीं फैली। मेडिकल इंस्पेक्टर संतशरण ने बताया कि फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग नहीं बुझती तो पूरा थाना जल सकता था। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने भी घटना की जानकारी ली।
कुलदीप
