Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेश गडकरी ने बलिया में लिखी पूर्वांचल के विकास की इबारत

 गडकरी ने बलिया में लिखी पूर्वांचल के विकास की इबारत

– गडकरी की घोषणाओं में दिखा 2024 लोकसभा चुनाव का रोडमैप

बलिया (हि. स.)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बलिया के चितबड़ागांव की अपनी सभा में न सिर्फ बलिया, बल्कि समूचे पूर्वांचल के विकास की इबारत बड़ी बेबाकी से लिखी। उनके पिटारे से बलिया के अलावा प्रधानमंत्री के चुनाव क्षेत्र वाराणसी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर समेत पूर्वांचल के लगभग सभी जिलों के लिए कुछ न कुछ निकला। गडकरी की घोषणाओं से स्थानीय जनप्रतिनिधि खासे गदगद दिखे, क्योंकि उन्होंने सभी मांगों को मान लिया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्गों से उत्तर प्रदेश को विकास की राह पर अग्रसर करते हुए आज राज्य के चितबड़ा गाँव, बलिया में 6500 करोड़ के निवेश से सात राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का प्रदेश के मंत्री जितिन प्रसाद, दयाशंकर सिंह, दानिश आजाद अन्सारी, बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह तथा अन्य सांसदों, विधायकों और अधिकारियों की उपस्थिति में लोकार्पण और शिलान्यास किया। यह बलिया के लिए महत्वपूर्ण दिन था।

बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे के बनने से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से लखनऊ से पटना केवल साढ़े चार घंटे में पहुंचा जा सकेगा। बलिया से बक्सर आधे घंटे में, बलिया से छपरा एक घंटे में और बलिया से पटना डेढ़ घंटे में पहुंचा जा सकेगा। ग्रीनफील्ड हायवे के निर्माण से पूर्वी उत्तर प्रदेश को बिहार के छपरा, पटना, बक्सर से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। बलिया के किसानों की सब्जी लखनऊ, वाराणसी, पटना की मंडियों तक आसानी पहुंच सकेगी। इस एक्सप्रेस-वे के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों को तीन मल्टी मॉडल टर्मिनल वाराणसी, गाजीपुर और हल्दिया का सीधा लाभ मिलेगा।

चंदौली से मोहनिया तक 130 करोड़ की लागत से बन रहे ग्रीनफील्ड मार्ग से उत्तर प्रदेश के चंदौली और बिहार के कैमूर जिलों को दिल्ली-कोलकाता जीटी रोड से कनेक्टिविटी मिलेगी। सैदपुर से मरदह मार्ग के बनने से मऊ की सैदपुर होकर वाराणसी के लिए सीधी कनेक्टिविटी होगी। प्रदेश के अन्य शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी होने से प्रदेश की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सुधार होगा, साथ ही आजमगढ़ जिले के पिछड़े क्षेत्रों को नई कनेक्टिविटी मिलेगी।

इस अवसर पर 1500 करोड़ की लागत से 28 किमी ग्रीनफील्ड स्पर मार्ग से बलिया-आरा के बीच नई कनेक्टिविटी मार्ग की घोषणा की। 2381 करोड़ की लागत से गोरखपुर के लिए रिंग रोड की भी घोषणा की। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा सीआरएफ में साढ़े आठ हजार करोड़ की लागत से 13 आरओबी की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में राजमार्गों के निर्माण से निवेश तथा औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए हम कटिबद्ध हैं।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular