Monday, May 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगजेंद्र पाल सिंह मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और अजय शर्मा बने...

गजेंद्र पाल सिंह मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और अजय शर्मा बने महामंत्री

मेरठ (हि.स.)। बार काउंसिल ऑफ इंडिया की जांच के बाद मंगलवार को मेरठ बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए। जिसमें गजेंद्र पाल सिंह को नया अध्यक्ष और अजय शर्मा महामंत्री निर्वाचित घोषित हुए। बार एसोसिएशन सभागार में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और महामंत्री का स्वागत किया गया। शिकायत कर्ताओं ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के आदेश के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।

मेरठ बार एसोसिएशन की प्रबंध समिति के चुनावों को लेकर विवाद हो गया था। 17 दिसंबर 2021 को मतदान हुआ था। इसके बाद 19 दिसंबर 2021 को मतगणना हुई। उसी दिन कुछ प्रत्याशियों ने मतगणना में धांधली के आरोप लगाकर मतगणना रुकवा दी। यूपी बार काउंसिल के सदस्य रोहिताश्व अग्रवाल ने इसकी शिकायत यूपी बार काउंसिल से की। जिस पर 20 दिसंबर 2021 को यूपी बार काउंसिल ने मतगणना पर रोक लगा दी।

इसके बाद 03 जनवरी 2022 को यूपी बार काउंसिल का एक प्रतिनिधि मंडल मेरठ पहुंचा और जांच की। 13 जनवरी को यूपी बार काउंसिल ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को शक के दायरे में रखते हुए फिर से चुनाव कराने का आदेश दिया। 15 जनवरी को बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने यूपी बार काउंसिल के आदेश पर रोक लगा दी और जांच के आदेश दिए। इस जांच के बाद सोमवार को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ने चुनाव परिणाम घोषित करने का आदेश दिया।

मंगलवार को चुनाव परिणाम में अध्यक्ष पद पर गजेंद्र पाल सिंह और अजय शर्मा को महामंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। बार एसोसिएशन के सभागार में निवर्तमान अध्यक्ष महावीर सिंह त्यागी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और महामंत्री का स्वागत किया। अपनी जांच रिपोर्ट में बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा गठित समिति को मेरठ बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया में कई खामियां मिली हैं।

बार काउंसिल ने कहा है कि नए सिरे से चुनाव कराने से अधिकांश बार सदस्यों को परेशानी होगी। इससे बार और प्रत्याशियों को अतिरिक्त खर्च झेलना होगा। इससे बचाने के लिए चुनाव परिणाम घोषित करने का निर्देश दिया गया है। जबकि अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुशील कुमार गुप्ता का कहना है कि इस आदेश के विरूद्ध दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular