Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेश गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक मदद कर रही सरकार : योगी...

 गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक मदद कर रही सरकार : योगी आदित्यनाथ

– जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुनीं 300 लोगों की समस्याएं

– दिया भरोसा, ”किसी के भी इलाज में धन की कमी नहीं आएगी”

गोरखपुर(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश सरकार गंभीर बीमारियों के इलाज में लगातार भरपूर आर्थिक मदद दे रही है। इलाज में धन की बाधा को सामने नहीं आने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने इस बात का भरोसा दिया कि मरीज व परिजन कतई चिंता न करें। एक संवेदनशील सरकार सबके साथ खड़ी है। अधिकारी पूरी संवेदना और प्राथमिकता पर इलाज में मदद करेगी। एस्टीमेट मिलते ही सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की। गोरखनाथ मंदिर परिसर महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग तीन सौ लोगों की समस्याएं सुनीं। कुर्सियों पर बैठाये गए लोगों तक खुद पहुंचे। उनकी पीड़ा सुनी और समस्या के त्वरित निराकरण का निर्देश अधिकारियों को दिया।

समस्या सुनने के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्या कोई भी हो, मेरे रहते घबराने या चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। सबकी समस्या का न्यायोचित समाधान होगा। सीएम योगी से मिलने वालों में अधिक संख्या इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों की थी।

जमीनी विवाद से जुड़ी शिकायतों पर सीएम ने दो टूक कहा कि यदि कोई दबंग या माफिया किसी की जमीन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कर्रवाई करें। समस्या कोई भी हो उसका त्वरित, न्यायोचित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक समाधान होना चाहिए।

महिलाओं के साथ आए बच्चों का मुख्यमंत्री ने हालचाल पूछा, पढ़ने के लिए प्रेरित किया और चॉकलेट दिया।

डा. आमोदकांत

RELATED ARTICLES

Most Popular