Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकौशाम्बी : आफत में अन्नदाता, फिर भीगा खरीद केंद्र में गेहूं

कौशाम्बी : आफत में अन्नदाता, फिर भीगा खरीद केंद्र में गेहूं

उठान न होने से खुले आसमान के नीचे सैकड़ों टन गेहूं

कौशाम्बी(हि.स.)। जिले के गेहूं खरीद केंद्र पर बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। उठान न होने से सैकड़ों टन गेहूं खरीद के बाद खुले आसमान के नीचे भगवान भरोसे पड़ा है। जनपद में रुक-रुक कर हो रही बारिस में अन्नदाता का गेहूं रख-रखाव के अभाव में भीग कर खराब हो रहा है। पिछले माह हुई चक्रवाती तूफ़ान से हज़ारों टन गेहूं खरीद केंद्र में भीग गया था। अफसरों ने बड़े बंदोबस्त का दावा किया, लेकिन मंगलवार की सुबह हुई बरसात ने दावे की पोल खोल दी है। 
30 एमटी गेहूं की हो चुकी खरीद 
जनपद में अब तक क्रय केंद्रों में 30 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। गेहूं की खरीद के लिए अभी भी लोग परेशान हैं। इससे साफ है, ये आंकड़ा इससे ऊपर जाएगा। क्रय केंद्रों से गेहूं का उठान नहीं हो पा रहा है। यही कारण है कि मंगलवार को बेमौसम हुई बारिश में हजारों कुंतल गेहूं भी गया। इसके पहले भी गेहूं भीग चुका है। इसके बावजूद सतर्कता नहीं बरती गई।
74 हज़ार हेक्टेयर में हुई गेहूं की खेती 
जनपद में अबकी बार 74 हजार 39 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की खेती हुई थी। उत्पादन बेहतर रहा। दो लाख 49 हजार 771 मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन होने का अनुमान कृषि विभाग ने लगाया है। गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू हो गई थी। इसी बीच कोरोना हावी हो गया। किसान अपने घरों से निकल नहीं पाए। नतीजतन किसान अपनी उपज नहीं बेच सके। किसान परेशान रहा। 
टोकन लेकर घूम रहे किसान 
कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हुई तो किसान क्रय केंद्रों की ओर अपनी उपज लेकर भागा। अब क्रय केंद्रों में गेहूं की बिक्री नहीं हो पा रही है। इससे किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि वह टोकन लेकर मारे-मारे घूम रहे हैं। उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। क्रय केंद्रों में खरीदे गए गेहूं की उठानी भी पीसीएफ नहीं कर रहा है। 
खुले आसमान में पड़ा है खरीद का गेहूं 
क्रय केंद्रों में गेहूं डंप है। क्रय केंद्र प्रभारी इसको लेकर परेशान हैं। वह लगातार अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं, गेहूं का उठान कराया जाए, लेकिन इसमें अधिकारी पूरी तरह से फेल रहे। जिसका परिणाम यह रहा कि मंगलवार की सुबह दोबारा हुई बारिश में भारी मात्रा में गेहूं भीग गया। किसानों का कहना है कि हजारों कुंतल गेहूं भीगा है। सबसे ज्यादा उनका गेहूं भीगा है। जिसका खामियाजा उन्हें ही भुगतना पड़ेगा। क्रय केंद्र व अन्य कर्मचारियों की इसमें कोई जिम्मेवारी नहीं बनेगी।  
क्या कहते हैं अफसर 
जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया, खरीद केंद्र में गेहूं का उठान क्यों नहीं हो रहा है। बरसात का मौसम सर पर है। बरसात में गेहूं खरीद केंद्र पर भीगने की जानकारी उन्हें हुई है। सम्बंधित अधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया जा रहा है। समुचित जवाब न मिलने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular