औरैया (हि. स.)। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सैनपुर के मजरा मिलकपुर में प्रधान पति एवं सफाई कर्मी के बीच हाथापाई हो गई। इस पर प्रधान पति द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची चीता पुलिस सफाई कर्मी को उठा कर थाने ले आई। इस पर साथ में कार्य कर रहे अन्य सफाई कर्मी भी आक्रोशित हो गए और वह अपने साथी को छोड़े जाने की मांग करने लगे। मामला कोतवाली पहुंच गया।
बताते चलें कि सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सैनपुर के मजरा मिलकपुर में रोस्टर के अनुसार कार्य चल रहा था। सफाई कर्मी दिनेश कुमार द्वारा जानकारी दी गई कि उन्होंने पहले विद्यालय के समीप वाली गली से सफाई करना प्रारंभ किया। इसी दौरान प्रधान पति हरि गोविंद वहां पर आ गए और दूसरी गली में काम करने की बात कही। इस पर वह सभी लोग दूसरी गली में कार्य करने लगे। इसी दौरान प्रधान पति ने कार्य कर रहे आलोक नामक सफाई कर्मी पर हाथ उठा दिया। देखते ही देखते दोनों हाथापाई होने लगी। इसकी जानकारी प्रधान पति द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर पहुंची चीता पुलिस सफाई कर्मी को उठा कर थाने ले आई। सफाई कर्मी के थाने पहुंचते हैं उनमें आक्रोश व्याप्त हो गया और वह सब एकत्रित होकर कोतवाली पहुंच गए। अपने साथी को छुड़ाए जाने की बात कहने लगे। इसी दौरान कोतवाली में ही दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज हुई। वही वहां पर पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
सफाई कर्मियों का आरोप है कि यदि उनके साथी को नहीं छोड़ा गया तो वह लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। सफाई कर्मियों द्वारा कहा गया कि वह भी सरकार के कर्मचारी हैं और उनकी भी इज्जत है। इस प्रकार से हाथापाई करना गलत है। प्रधान पति द्वारा जो किया गया इस पर कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान कोतवाली में दो दर्जन से अधिक सफाई कर्मी मौजूद रहे।
सुनील
