– रिहायशी इलाके में बना था गोदाम, पड़ोसी के किचन तक पहुंची आग
कानपुर (हि.स.)। बर्रा थाना क्षेत्र के रिहायशी इलाके में बने एक केमिकल के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और पहली मंजिल पर रह रहा परिवार आग में फंस गया। परिवार के सदस्यों ने बगल के खाली प्लाट पर कूदकर जान बचाया। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बर्रा दो निवासी विजय शुक्ला आईआईटी में प्रोजेक्ट मैकेनिक हैं। उन्होंने अपने मकान के निचले वाले हिस्से को किराए पर दे रखा है। किराएदार ने वहां पर केमिकल का गोदाम बना रखा था। गोदाम में ब्लीचिंग पाउडर की सैकड़ों बोरियां, आरारोड और केमिकल के गैलन सहित भारी मात्रा में माल रखा था। गोदाम में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।
विजय ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थी कि जीने से नीचे परिवार उतर नहीं पाया। इस पर चीख पुकार मच गई और पिता सूर्य नारायण, मां ऊषा, बहन वैशाली बगल के खाली प्लाट में कूदकर अपनी जान बचाई। इसी बीच सूचना पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं और जीने की तरफ आग बुझाई। तब विजय और उनके भाई विनय बाहर निकल पाए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
चपेट में आया पड़ोसी का मकान
केमिकल गोदाम में लगी भीषण आग इतना विकराल रुप धारण कर लिया कि पड़ोसी शिवबरन सचान के घर को भी चपेट में ले लिया। शिवबरन की मां शैलेन्द्री ने बताया कि जिस समय आग लगी उस समय किचन में थी और आग किचन तक पहुंच गई। आग से किचन और टीनशेड जल गया और परिवार नीचे उतरकर भाग खड़ा हुआ।
महमूद/मोहित
