Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकेन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वाराणसी में श्रमदान कर गोबर का ढ़ेर...

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वाराणसी में श्रमदान कर गोबर का ढ़ेर साफ किया

वाराणसी (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी अपने वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को अलग अंदाज में दिखी। सिकरौल वार्ड के भीम नगर सुअर बड़वा में भ्रमण के दौरान गोबर के ढ़ेर की शिकायत पर अफसरों को निर्देश देने के बजाय अपने हाथों से इसे हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आठ वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर भाजपा के सेवा समर्पण व गरीब कल्याण पखवाड़ा में केन्द्रीय मंत्री भीमनगर सुअर बड़वा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अलसुबह ही पहुंच गई। बस्ती में भ्रमण के दौरान केंद्रीय मंत्री महिलाओं से मिलकर उनका हालचाल लेती रही। इसी दौरान चिंता देवी नाम की एक महिला ने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि उसके मकान के सामने गोबर का ढ़ेर लगा हुआ है। 15 जून को उसकी बिटिया की शादी है। कई बार कहने पर भी नही हटाया गया है। यह सुन केंद्रीय मंत्री ने अपने हाथों में फावड़ा लिया और गोबर हटाना प्रारंभ कर दिया। यह देख भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मोहल्ले के लोग भी इसमें जुट गये। सूचना पर नगर निगम के सुपरवाइजर और सफाई कर्मी भी मौके पर पहुंच गये।

इस दौरान केन्द्रीय मंत्री के साथ राज्य के मंत्री रविंद्र जायसवाल,कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, क्षेत्रीय पार्षद दिनेश यादव आदि भी मौजूद रहे। इसके पहले मंत्रालय के आठ साल के उपलब्धियों की चर्चा बैठक में भाग लेने के बाद केन्द्रीय मंत्री ने देर शाम चिंतामणि गणेश मंदिर में भी दर्शन पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के बारे में पुजारियों से जानकारी ली।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular