वाराणसी (हि.स.)। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गुरुवार को क्रिसमस पर्व की खुशियां चहुंओर देखने को मिल रही है। मसीही बस्तियों के चर्च और गिरजाघरों में लोग प्रभु ईशु के आगमन को लेकर आह्लादित है। बाजारों में भी पर्व को लेकर रौनक है। हालांकि कोविड -19 को लेकर चर्च और गिरजाधरों में भीड़ नहीं जुटी है। लेकिन मसीही बस्ती और चर्च में मास्क लगाए व सैनिटाइजर बांटते हुए सैंटा क्लॉज और क्रिसमस ट्री बच्चों और युवाओं में आकर्षण के केन्द्र है। छोटे-छोटे बच्चे सैंटा ड्रेस में उछल कूद मचा रहे हैं।
विभिन्न चर्चों और घरों में कैरोल गीत, यीशु आया जमी पे नाचे सारा आसमान, अमन के राजकुमार तेरा हो अभिषेक गीत फिजाओं में गूंज रहे है। छावनी क्षेत्र स्थित महागिरजा सहित सभी छोटे-बड़े गिरजाघरों में रंग-बिरंगे झालरों से सजावट की गई है।
सिगरा स्थित क्रिश्चियन कम्पाउण्ड में रहने वाले मसीही परिवार टोली बनाकर घर-घर जाकर कैरोल सिंगिंग कर रहे हैं। उनमें यीशु आगमन को लेकर खासा उत्साह है।
बताते चलें इस बार कोरोना संक्रमण के चलते तीन दिवसीय क्रिसमस मेला स्थगित कर दिया गया है। क्रिसमस मेले का विशेष आकर्षण लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से सत्यधारा यू ट्यूब पर लोग देख सकते है। वाराणसी धर्मप्रांत के विशप यूजीन जोसेफ के अनुसार आज मध्य रात्रि को आयोजित होने वाला विशेष प्रार्थना सभा देर शाम को सभी गिरजाघरों में होगा।
काशी में क्रिसमस की खुशियां बिखरी, मसीही बस्तियों में रौनक, कैरोल गीत की गूंज
RELATED ARTICLES
