कानपुर(हि.स.)। आपराधिक वारदातों एवं अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसने के लिए कमिश्नरेट क्षेत्र में 27 नई पुलिस चौकियां बनाई जायेंगी। नई चौकियों को बनाने के लिए स्थान खोजने की जिम्मेदारी एसीपी को सौंपी गई है। पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड ने बताया कि प्रथम चरण में हाई क्राइम जोन में पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी । इसके लिए 270 उपनिरीक्षक यहां आ चुके हैं।
नगर के इन क्षेत्रों में स्थापित होंगी पुलिस चौकियां
कानपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के सचेंडी से रामा देवी तक 7 पुलिस चौकियां, बारा देवी से गल्ला मंडी तक 3 पुलिस चौकियां, बारा देवी से अफीम कोठी तक 3 पुलिस चौकियां, परमपुरवा से ईदगाह तक 4 पुलिस चौकियां, किदवई नगर से नरौना चौराहे तक 2 पुलिस चौकियां, कैंट एरिया में 2 पुलिस चौकियां, सनिगवां रोड पर 3 पुलिस चौकियां, बिधनू और घाटमपुर में 3 पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी।
अपराध पर काबू पाने एक यह भी है पुलिस का फार्मूला
क्राइम रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को घेराबंदी सिखाई जाती है, जिससे चक्रव्यूह में शातिर फंस सकें और इन चौकियों में मौजूद पुलिसकर्मियों के चक्रव्यूह में अपराधियों की घेराबंदी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्राइम के बाद शातिर एक पुलिस चौकी पार करके दूसरी या तीसरी चौकी पर पकड़े जाएंगे। इसके साथ ही नए पुलिसकर्मियों के आने के बाद, सड़क पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी दिखाई देंगे।।
महमूद
