कार्तिक पूर्णिमा पर लखनऊ में गुरूद्वारा, नाका हिन्डोला की ओर से डीएवी कॉलेज परिसर में भव्य रूप से मनाया गया श्रीगुरू नानक साहिब जी का प्रकाशोत्सव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के कई मंत्री व प्रशासनिक अधिकारी हुए प्रकाशोत्सव में शामिल
लखनऊ (हि.स.)। जगत गुरु साहिब श्री गुरू नानक देव जी महाराज का प्रकाश उत्सव मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा और सत्कार से मनाया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से दीवान सजा गया। काफी संख्या में भक्तों ने गुरू के दरबार में माथा टेका। शबद-कीर्तन किए गए और बाद में लंगर वितरित किया गया। नाक हिन्डोला स्थित ऐतिहासिक गुरूद्वारा श्री गुरू नानक देव जी की ओर से डी.ए.वी. इण्टर कालेज में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षाेल्लास के साथ गुरू का जन्मोत्सव मनाया गया।
गुरू महाराज के दरबार में आशीर्वाद प्राप्त करने के लिये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री, महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक राजेश्वर सिंह, सांसद और केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, विधायक योगेश शुक्ला, विधायक नीरज बोरा, विधायक परविंदर सिंह, सदस्य, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग सहित कई राजनीतिक दलों के नेता एवं सरकार के प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गए।
सुबह श्री अखण्ड पाठ साहिब जी की समाप्ति के पश्चात् पांच प्यारों की अगुवाई में समूह साध संगत द्वारा श्री गुरूग्रन्थ साहिब जी की शाही सवारी को शबद-कीर्तन का गायन करते हुए गुरूद्वारा साहिब से नाका हिण्डोला होते हुए डी.ए.वी. इण्टर कालेज में सजे पंडाल में ले जाया गया। इस अवसर पर भव्य पंडाल को बहुत खूबसूरती से सजाया गया था, जिसमें फूलों से सुसज्जित स्टेज पर श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी का प्रकाश किया गया। रागी जत्था भाई सुरजीत सिंह खालसा ने पवित्र आसा-दी-वार का अमृतमयी कीर्तन किया।
सुबह से ही लखनऊ एवं आस-पास के इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु कालेज परिसर में पहुंचने लगे थे। पक्तियों में खडे़ होकर श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी के दर्शन के पश्चात अपना स्थान ग्रहण कर गुरूबाणी का रसपान किया। इस मौके पर आकाशवाणी लखनऊ केन्द्र की ओर से आधे घन्टे का सीधा प्रसारण करके प्रदेश भर की संगतों को कार्यक्रम का रसास्वादन कराया गया। श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा ने इस अवसर पर उपस्थित संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई दी। उनका बधाई संदेश आकाशवाणी लखनऊ द्वारा भी प्रसारित किया गया।
समारोह में विशेष रूप से आए भाई सुखवंत सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर वालों ने अपनी मधुरवाणी में कलि तारण गुरु नानक आइया। शबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को निहाल किया। पंथ प्रसिद्ध प्रचारक जसवंत सिंह परवाना ने साहिब श्री गुरू नानक देव जी के जीवन पर विचार व्यक्त किये। रागी जत्था भाई गुरचरन सिंह रसिया पटियाला वालों ने गुरू का शबद गाया। ज्ञानी सुखदेव सिंह जी ने गुरमत विचारों द्वारा कथा व्याख्यान किया।
इस अवसर पर के.के.एन.एस. गुरमत संगीत एकेडमी एवं सिमरन साधना परिवार के बच्चों एवं माता गुजरी सत्संग सभा,लखनऊ की सदस्याओं ने भी इस कार्यक्रम में शबद कीर्तन गायन किया।
डी.ए.वी. इण्टर कालेज में दिन भर गुरबाणी कीर्तन तथा गुरमत विचारों का कार्यक्रम चला, जिसका संचालन कृपाल सिंह ऐबट, सतपाल सिंह मीत ने किया। समागम में लंगर के वितरण की सेवा सिख यंग मेन्स एसोसियेशन एवं दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा की गयी। कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संगत की सेवा आइसक्रीम, चाय काफी, ब्रेड, छोले, जलेबी, कड़ी चावल, गन्ने के रस की खीर आदि अनेक तरह के व्यंजनों के स्टाल लगाकर की गई।
लंगर पकवाने एवं वितरण की व्यवस्था हरमिन्दर सिंह टीटू, तजिन्दर सिंह एवं कुलदीप सिंह सलूजा व इंदर जीत सिंह की देखरेख में हुई। लंगर में हजारों की संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम की समाप्ति पर श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा ने सभी सिख संगठनों और जत्थेबन्दियों सिख सेवक जत्था पंजाबी यूथ एसोसियेशन एवं प्रशासन को गुरू जी की कृपा ‘‘सिरोपा व शील्ड’ भेंट कर सम्मानित किया।
शैलेंद्र मिश्रा
