Sunday, May 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशऑपरेशन पाताल के तहत अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

ऑपरेशन पाताल के तहत अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

-16 निर्मित तमंचे, 06 दर्जन तमंचे की नाल व जिंदा कारतूस, खोखे व उपकरण बरामद

फ़तेहपुर (हि.स.) । जिले में बुधवार को पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने ”ऑपरेशन पाताल” के तहत अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सरगना समेत दो अंतर्जनपदीय असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने आज पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रदेश भर में बदमाशों की धरपकड़ के लिए ”ऑपरेशन पाताल” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बीती रात हथगाम थाना पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम अपराधियों की तलाश में निकली थी। इस बीच मुखबिर ने सूचना दी कि क्षेत्र के इमादपुर गांव स्थित सूखा तालाब के पास अवैध रूप से दो व्यक्ति असलहा बनाने का काम कर रहे हैं। अक्सर चोरी छिपे रात में अवैध असलहा बनाकर बेचते हैं। यदि मौके पर तत्काल पकड़े गये तो भारी मात्रा में असलहा और बनाने के उपकरण बरामद हो सकते है।

बताया कि मुखबिर की सूचना पर विश्वास करके थाना प्रभारी अश्विनी कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा अपनी-अपनी टीमों के साथ घेराबंदी कर लिया और नजदीक पहुंच कर असलहा बना रहे दोनों व्यक्तियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी। आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें दबोच लिया।

बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजेश विश्वकर्मा उर्फ मुन्ना पुत्र रामराज व सुनील कुमार सिंह पुत्र घनश्याम सिंह निवासी खासमऊ थाना कोतवाली खागा जनपद फ़तेहपुर के रूप में हुई हैं। इनके पास से 16 निर्मित तमंचे, आधा दर्जन तमंचे की नाल व जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किया गया है। साथ ही असलहा बनाने के विभिन्न उपकरण के साथ एक मोटरसाइकिल भी बरामद किये गये हैं। पकड़े गए अभियुक्तों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार किये गये दोनों अभियुक्त पेशेवर अपराधी हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी सरगना राजेश विश्वकर्मा उर्फ मुन्ना पेशेवर अपराधी है। इसके खिलाफ पहले से ही जनपद के ललौली थाने में गैंगस्टर और आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में दो मुकदमें दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी सुनील कुमार सिंह पर भी गैर इरादतन हत्या जैसी संगीन मामले में कोतवाली खागा में एक मुकदमे दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को कप्तान ने 10 हज़ार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की है।

इस मौके पर हथगाम थाना प्रभारी निरीक्षक के साथ एसआई सुरेश गिरी, मुख्य आरक्षी मनोज कुमार सिंह, सिपाही दिलीप कुमार, शुभम अवस्थी व संतोष कुमार व एसओजी टीम में एसआई अनिरुद्र द्विवेदी, कांस्टेबल पंकज कुमार, इंद्रजीत सिंह, अतुल त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह, अभिनव दुबे व अजय पटेल शामिल रहे।

देवेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular