गाजियाबाद (हि.स.)। दिल्ली के जहांगीरपुरी बलवे के बाद गाजियाबाद की पुलिस काफी सक्रिय दिख रही है। जिले में इस तरह की कोई घटना न हो इसके लिए जहां शांति कमेटी की बैठकें समाज के लोगों के साथ की जा रही हैं, वहीं बॉर्डर इलाकों में लगातार बड़े अधिकारियों का भ्रमण चल रहा है। इसी कड़ी में रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज ने पुलिस लाइन ग्राउंड पर “दंगा नियंत्रण ड्रिल” के प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया। उन्होंने पुलिस फ़ोर्स को दंगे पर नियत्रण पाने के टिप्स दिए। इस दौरान जनपद के पुलिस अधीक्षक, सहायक अधीक्षक, थाना प्रभारी, उनके हमराह पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय एवं विभिन्न थानों से आये पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
ड्रिल के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न शस्त्रों एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का परीक्षण किया। उन्होंने समस्त पुलिस बल को अश्रु गैस, पिलट गन, रबर बुलेट गन, एंटी रायट गन आदि दंगा नियंत्रण उपकरणों का अभ्यास कराया। साथ ही विभिन्न टीमें बनाकर दंगा नियत्रंण के लिए अमल में लाये जाने वाले सभी विधिक प्रावधानों एवं टैक्टिस का क्रमवार अभ्यास किया गया। मुनिराज ने सभी पुलिस बल को यह निर्देशित किया गया कि किसी भी ड्यूटी में शांति भंग करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जानी चाहिए। इसके लिए सदैव मानसिक एवं शारीरिक रूप से तत्पर रहें एवं दंगा निंयत्रण के समस्त उपकरण सक्रिय दशा में सदैव अपने साथ रखें।
फरमान अली
