-भाजपा प्रत्याशी ने निवर्तमान एमएलसी बृजेश सिंह पर लगाया आरोप,प्रभावित हो रहा चुनाव प्रचार
वाराणसी(हि.स.)। एमएलसी चुनाव में दशकों की बादशाहत कायम रखने के लिए ‘कपसेठी हाउस’ ने पूरी ताकत लगा दी है। हाउस की अहम सदस्य निवर्तमान एमएलसी माफिया बृजेश सिंह की पत्नी पूर्व एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह को जीताने के लिए खास सिपहसालार और प्रभावशाली रिश्तेदार मतदाताओं से सम्पर्क के साथ जीत की रणनीति भी तैयार कर रहे हैं ।
सूत्र बताते हैं कि पूरे चुनाव अभियान पर केन्द्रीय कारागार में बंद माफिया बृजेश सिंह उर्फ अरुण सिंह खुद नजर जमाये हुए हैं। उनके परिजन भी इसमें पूरा सहयोग दे रहे हैं। जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है। विरोधी दलों के उम्मीदवार ‘कपसेठी हाउस’ पर चुनाव प्रचार प्रभावित करने का आरोप लगा रहे हैं। इसमें सत्ता पक्ष के उम्मीदवार डॉ. सुदामा पटेल भी शामिल है। सुदामा पटेल ने पहड़िया में शुक्रवार शाम मीडिया के सामने आरोप लगाया कि उनका चुनाव प्रचार प्रभावित हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करेंगे।
उन्होंने कहा कि वाराणसी के शिवपुर सेंट्रल जेल में बृजेश सिंह बंद है। यहीं पर उनसे मिलने वालों की भीड़ रहती है। इतने बड़े बाहुबली चुनाव मैदान में हैं तो कई पार्टी के कार्यकर्ता साइलेंट हो जाते हैं और कुछ डर कर खुद ही दूरी बना लेते हैं। वह जब फरार थे तब भी उन्हीं के प्रभाव से ही उनके बड़े भाई चुलबुल सिंह अब स्वर्गीय एमएलसी चुने जाते थे। आज भी लोग उनके प्रभाव को समझते हैं और डरते हैं कि यदि वह सुदामा पटेल का चुनाव प्रचार करेंगे तो चिह्नित हो जाएंगे।
डॉ. सुदामा पटेल ने कहा कि माफिया बृजेश सिंह हजारों करोड़ के मालिक हैं। इसलिए उनके तरफ से पैसे भी बांटे जा रहे हैं। हम गरीब कार्यकर्ता हैं । पांच – पांच हजार रुपये भी बांटेंगे तो 5 करोड़ हो जायेगा। हमारे पास इतना पैसा नहीं है कि हम मतदाताओं को दे सकें। उन्होंने बताया कि अब वह इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग से भी करेंगे।
श्रीधर
