कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुकुल गोयल रविवार को लखनऊ से कानपुर जनपद आए। यहां पर उन्होंने कानपुर आउटर में बने पुलिस कार्यालय व पुलिस लाइन का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इसके बाद डीजीपी मुकुल गोयल ने मीडिया से बात की। उन्होंने प्रदेश में बढ़ रहे अपराध के सवाल पर कहा कि प्रदेश में हो रही हत्याओं की घटनाओं में कमी आई है। महिला सशक्तिकरण सबसे अहम पहलू है। कानपुर शहर के आउटर में महिला अपराधों को देखते हुए 3 थानों का निर्माण होने जा रहा है। ऐसे ही महिलाओं की जनसंख्या के हिसाब से प्रदेश में महिला थानों का निर्माण कराया जाएगा।
डीजीपी ने यूपी के बरेली में दिए गए तौकीर रजा के विवादित बयान के सवाल पर कहा कि संवेदनशील बयानों को देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि बरेली में दिए गए बयान को तौकीर रजा ने बताया है कि उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर दिखाया गया है।
प्रदेश के प्रयागराज जनपद में लगातार हत्याओं की घटनाओं पर डीजीपी मुकुल गोयल ने कहा कि घटनाएं बेहद दुखद हैं। इनमें प्राथमिकता रहेगी कि यह घटना सही ढंग से खोली जा सके। इससे पूर्व कानपुर आउटर पुलिस लाइन आगमन पर डीजीपी का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया।
इस मौके पर पुलिस कमिश्नरेट विजय सिंह मीणा, आईजी प्रशांत कुमार, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, एसपी आउटर अजीत सिन्हा, एएसपी आदित्य कुमार शुक्ला, घाटमपुर सीओ राजेश कुमार, ऋषिकेश यादव सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहें।
महमूद/मोहित
