Tuesday, April 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र में फिर पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार: मनोज तिवारी

उप्र में फिर पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार: मनोज तिवारी

-ड्रग्स सबके लिए खतरनाक, कुछ लोगों के कारण पूरी फिल्म इंडस्ट्री हो रही बदनाम 
-फिल्मों में अश्लीलता पर रोक लगाने के लिए बनेगा एक मजबूत सेंसर बोर्ड 

मीरजापुर (हि.स.)। वैसे तो रोज ही हम मां विंध्यवासिनी के ध्यान में हैं। लेकिन, विंध्याचल आकर मां विंध्यवासिनी का दर्शन करना एक अलग ही सुख है। कोई ऐसी सभा नहीं है, जो मां विंध्यवासिनी के जयकारे के बगैर शुरू हुई हो। उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश पर जिस प्रकार से अलगाववादी व आतंकी नजरें लगी हुई हैं। हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर भारत का निश्कंटक रास्ता बनाने में लगे हुए हैं। उसमें मां विंध्यवासिनी की बड़ी कृपा है। यह बातें भाजपा सांसद व भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने सोमवार को प्रशासनिक भवन पर पत्रकार वार्ता के दौरान कही। 
भाजपा सांसद ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बने। इसके लिए मां विंध्यवासिनी से विशेष मन्नत मांगी थी, जो अब पूरी हो गइ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के प्रश्न पर मनोज तिवारी ने कहा कि यूपी में फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे और पिछली बार से ज्यादा सीटों पर फतह हासिल करेंगे। 
भोजपुरी फिल्मों में अश्लीलता पर भाजपा सांसद ने कहा कि इसके लिए एक मजबूत सेंसर बोर्ड बनाए जाने पर बात चल रही है। वहीं फिल्म इंडस्ट्रीज में ड्रग्स के मामले पर कहा कि ड्रग्स सबके लिए खतरनाक है। चाहे वह फिल्म इंडस्ट्रीज हो या कोई और। इसलिए सिर्फ बालीवुड से जोड़कर देखा जाना सही नहीं है। कुछ लोगों के कारण पूरा इंडस्ट्री बदनाम होता है। मनोज तिवारी जब विंध्यधाम पहुंचे तब मां विंध्यवासिनी की राजश्री आरती होने के कारण मंदिर का कपाट बंद था। इस कारण वे मंदिर न जाकर प्रशासनिक भवन पहुंचे। सवा घंटे बाद उन्होंने मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular