Tuesday, August 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउपद्रवियों पर योगी का ऐक्शन, बचाव में उतरी सपा

उपद्रवियों पर योगी का ऐक्शन, बचाव में उतरी सपा

-अधिकारिक ट्वीट हैंडल से ट्वीट कर भाजपा पर कसे तंज

-भाजपा के साथ मीडिया पर भी सपा ने लगाए आरोप

लखनऊ (हि.स.)। जुमे की नमाज के बाद उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, सहारनपुर समेत कई जिलों में बवाल करने वाले उपद्रवियों से योगी सरकार सख्ती से निपट रही है। उनके अवैध कब्जे गिराये जा रहे हैं। वहीं विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) इन उपद्रवियों के बचाव में उतर पड़ी है। सपा ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया के ट्वीटर अकाउंट से कई फोटो और अखबार की कटिंग को साझा करते हुए कहा कि यह सब दंगा फसाद के पीछे भाजपा के नेताओं का आर्थिक एजेण्डा है।

सपा ने ट्वीट करते हुए कहा कि ये जितने भी दंगे, फसाद, लड़ाई, झगड़ा, हिंसा की घटनाएं हो रही हैं, इन सबके पीछे भाजपा नेताओं के आर्थिक हित हैं। सब कुछ भाजपाई एजेंडे पर हो रहा है। इतना हीं नहीं भाजपा और मीडिया मिलकर जनता को कुछ और ही दिखा रहे हैं। पीछे की कहानी भाजपा नेताओं,ठेकेदारों और अधिकारियों की मिलीभगत से जमीनें कब्जाने की है।

विपक्षी पार्टी ने आगे लिखा कि निष्पक्ष जांच होगी तो इस सबके पीछे भाजपा, उससे जुड़े लोग, ठेकेदार और चुनिंदा प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका निकलेगी। जैसे गैंगस्टर विकास दुबे के साथ भाजपा नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों के कनेक्शन सामने आए थे, वैसे ही इन बड़े-बड़े बिल्डरों से भी भाजपाई कनेक्शन उजागर होगा।

आगे ट्वीट में कहा कि पिछले पांच साल से भाजपा की ही सरकार है। अब भाजपा यह नहीं कह सकती कि विपक्षी कनेक्शन या साजिश है। 2024 का चुनाव सिर पर है। सांप्रदायिक हिंसा व दंगों से सिर्फ भाजपा को फायदा होता है, तो इस सबसे किसे फायदा हो रहा होगा ? आप (जनता) खुद समझ सकते हैं।

सपा ने एक और ट्वीट कर कहा कि ” जबसे भाजपा आई है, समाज में खाई बढ़ गई है। हिंदू मुस्लिम साथ रहेगा तो भाजपा की हार होगी। जनता को हिंदू मुस्लिम नहीं चाहिए, महंगाई से निजात और रोजगार चाहिए। जनता के बिजली-पानी सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य मुद्दे हैं लेकिन भाजपा के लिए सिर्फ हिंदू मुस्लिम मुद्दा है।

उप्र की योगी आदित्यनाथ सरकार उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। प्रयागराज घटना के मास्टरमाइंड जावेद के अवैध निर्माण पर रविवार को बुल्डोजर चला है।

दीपक/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular