-दिन में बढ़ रहा है तापमान और रात में पहुंचा सामान्य से नीचे
कानपुर (हि.स.)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बीच हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम हो गई। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थित बन गई और दिन का तापमान जहां सामान्य से अधिक पहुंच गया तो वहीं रात का तापमान नौ डिग्री तक आ गया। मौसम विभाग का कहना है कि आसमान साफ होने से तापमान में उतार चढ़ाव तो बना रहेगा, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है और सर्दी बढ़ती जाएगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि चक्रवात मंडौस के अवशेष उत्तर आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और उत्तरी केरल के आसपास के हिस्सों पर कम दबाव वाले क्षेत्र में कमजोर हो गए हैं। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ को उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान के ऊपर एक ट्रफ के रूप में देखा जा रहा है। 13 दिसंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के दौरान आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी तट पर एक या दो भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण कोंकण और गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।
उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 26.0 और न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 40 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रही जिनकी औसत गति 1.0 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के साथ अभी तापमान में एक या दो डिग्री का उतार-चढ़ाव बना रहेगा लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है।
अजय सिंह
