आजमगढ (हि.स.)। जिले में जहां लोकसभा उपचुनाव के लिए सभी प्रत्याशियों ने अपनी ताकत झोंक दिया है। भारतीय जनता पार्टी दिनेश लाल यादव के पक्ष में एक तरफ जहां सरकार के मंत्रियों व संगठन के लोगों को लगाया है, वहीं दूसरी तरफ भोजपुरी स्टार भी अब चुनावी मैदान में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ को जीताने की अपील कर जनसंपर्क करना शुरू कर दिये हैं।
भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसंपर्क कर रही भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दूबे ने कहा कि इस बार आजमगढ़ में एम और वाई फैक्टर का बोलबाला रहेगा। लेकिन वह एम और वाई समीकरण मोदी और योगी का होगा। उन्होंने दावा किया कि मैं जितना भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव को जानती हूं वे एक अच्छे इंसान व अभिनेता के साथ एक सफल नेता भी साबित होंगे।
भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसंपर्क करने पहुंची भोजपुरी फिल्म की अभिनेत्री आम्रपाली दूबे सोमवार की शाम से लगातार क्षेत्र में जनसपंर्क कर रही हैं। उनका कहना है कि लोगों का रूझान भारतीय जनता पार्टी की तरफ है। जातीय समीकरण भाजपा के पक्ष में नहीं होने पर मुस्कुराते हुए आम्रपाली दूबे कहती हैं आपका मतलब एम और वाई फैक्टर। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि एम और वाई फैक्टर अब यादव व मुस्लिम नहीं रहा। बल्कि अब योगी और मोदी हो गया है। अब आजमगढ़ में एम और वाई फैक्टर ही काम करेगा और यहां कमल खिलेगा।
क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान कितना समर्थन मिल रहा है, इस सवाल पर आम्रपाली दूबे कहती हैं कि लोगों का बहुत समर्थन, प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। स्पेशली मुझे इस बात की खुशी हो रही है कि मैं जहां जा रही हूं वहां की औरतें काफी ज्यादा खुश हैं। इस बार उन्होंने मन बना लिया है कि इस बार दिनेश जी को जीताना है।
भाजपा प्रत्याशी को सपा नेताओं द्वारा ठुमका मारने वाला के सवाल पर आम्रपाली दूबे कहती हैं कि ऐसी सोच वालों पर मुझे दया आती है कि कोई आदमी किसी के प्रोफेशन के लिए जज करें और उसका मजाक उड़ाने की कोशिश करें। पर इसी ठुमका मारने वाले को फिल्मों में लोगों ने बहुत प्यार दिया है, तो राजनीति में भी प्यार देंगे और बाकी सभी लोगों को वे नचाना चाहेंगे जो उनको नचनिया बोल रहे हैं, ये मेरी गारंटी है।
विधानसभा चुनाव में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलने के सवाल पर कहा कि विधानसभा और लोकसभा में अलग-अलग समीकरण होते हैं तो इन दोनों को जोड़ना नहीं चाहिए। अभी लोकसभा का उपचुनाव चल रहा है तो लोग काफी पॉजिटिव हैं और समर्थन भी मिल रहा है।
उन्होंने आजमगढ़ की जनता से अपील किया कि यहां की जनता ने लोगों को अपना प्यार और भरोसा दिखाया है। एक बार अपना प्यार दिनेश लाल यादव को भी देकर देखें। क्योंकि बहुत लंबा समय नहीं है करीब दो साल का समय है। अगर अच्छा नहीं लगेगा, तो आप चेंज भी कर सकते हैं। मुझे लगता है कि एक बार दिनेश लाल जैसे नेता को मौका मिलना चाहिए। जिनके पास आजमगढ़ के लिए बहुत सारी प्लानिंग है। मेरी अपील है कि एक बार आप दिनेश पर विश्वास करिए।
आम्रपाली दूबे ने भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव के लिए कल्लू जी का भोजपुरी गाना भी सुनाया, सीधे कमल का बटन दबाना है, निरहुआ जी को जीताना है, सीधे कमल……..। इस दो लाइनों में ही सबकुछ है। सीधे 23 तारिख को बूथों पर जाइए, थोड़ी धूप और गर्मी तो लगेगी फिर भी आपके आजमगढ़ के उज्जवल भविष्य के लिए वोट देना चाहिए और सही प्रत्याशी को वोट दें। कहा कि सीधे कमल का बटन दबाईए और निरहुआ को जिताईए।
भोजपुरी फिल्मों में अश्लीलता परोसे जाने के सवाल पर आम्रपाली दूबे ने कहा कि भोजपुरी एल्बम के लिए लोग बोलते थे, अब फिल्मों के लिए ऐसे कोई बात नहीं है। क्योंकि फिल्म से रिलेटेड होता है सेंसर बोर्ड। बिना सेंसर बोर्ड से पास हुए कोई भी फिल्म रिलिज नहीं होती है। इसके बाद उसको सेंसर का सर्टिफिकेट मिलता है कि वह कौन से जोनर की फिल्म है। उसके बाद फिल्म दर्शकों को दिखाई जाती है। सेंसर बोर्ड से जो भी फिल्म पास होके आती है वह कभी खराब व अश्लील नहीं होती है। मेरी बहुत सारी फिल्में राजा बाबू, निरहुआ हिन्दुस्तानी, एनटू थ्री है ऐसी बहुत सी फिल्में है जो आप लोग देखेंगे तो उसमें कुछ भी अश्लील नहीं है। बहुत अच्छी फैमिली, इंटरटेनमेंट ड्रामा फिल्म है। फिल्मे भी देखिए लेकिन वोट करने के बाद।
राजीव
