असामाजिक तत्वों ने प्राचीन मंदिर में मूर्ति खंडित किया, लोगों में आक्रोश

फिरोजाबाद(हि.स.)। रसूलपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत असामाजिक तत्वों ने प्राचीन मंदिर में देवी-देवताओं की मूर्ति को खंडित कर दिया। बुधवार को जानकारी के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस ने दोषियों पर कार्यवाही का भरोसा देते हुए नई मूर्ति स्थापित कराई है।

मामला थाना रसूलपुर क्षेत्र का है, यहां के आसफाबाद स्थित सर्विस रोड पर एक प्राचीन मठ मंदिर है। इस मंदिर में देवी-देवताओं की मूर्तियां विराजमान है। जहां क्षेत्रीय लोग कई वर्षों से पूजा-पाठ करते चले आ रहे हैं।क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक, मंगलवार की रात्रि उन्होंने मंदिर में पूजा पाठ की थी। तब सब कुछ ठीक था। बुधवार को लोग जब मंदिर में पूजा पाठ करने पहुंचे तो मंदिर में स्थापित शिव पार्वती की प्रतिमा को खंडित देख श्रद्धालु हैरान हो गए। मूर्ति खंडित किए जाने की जानकारी होते ही लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भाजपा विधायक मनीष असीजा भी मौके पहुंच गए। स्थानीय लोगों का कहना था कि असामाजिक तत्व के लोगों ने माहौल खराब करने के उद्देश्य से मंगलवार की रात्रि में देवी-देवताओं की मूर्ति को खंडित किया है। इनको चिन्हित कर इन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने गुस्साए लोगों से बात कर तत्काल नई मूर्ति को स्थापित कराने व दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

इस सम्बंध में सीओ अनिमेश कुमार का कहना है आसफबाद स्थित मंदिर पर शिव-पार्वती की मूर्ति को खंडित किया है। मंदिर में नई मूर्ति को स्थापित कराया जा रहा है। मंदिर के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा जा रहा है। दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

कौशल/दीपक/विद्याकांत

error: Content is protected !!